संजय सिंह की गिरफ्तारी पर दिल्ली में ‘आप ‘ का बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन


नई दिल्ली।
दिल्ली में आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के बीच सियासी टकराव तू डाल डाल मैं पात पात की स्थिति में पहुंच गया है। एक दिन पहले बीजेपी ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय पर प्रदर्शन किया ,तो शुक्रवार को बीजेपी दफ्तर के बाहर आप के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने तत्काल संजय सिंह को रिहा करने की मांग की। केंद्र सरकार को पार्टी के नेताओं ने चेतावनी दी कि वो देश में मोदी सरकार की तानाशाही को नहीं चलने देंगे।
दिल्ली में शुक्रवार को प्रदर्शन में शामिल आप नेताओं और कार्यकताओं ने संजय सिंह को रिहा करो, हल्ला बोल, हल्ला बोल, बीजेपी की हिटलरशाही नहीं चलेगी, जेल के ताले टूटेंगे, संयज भैया छूटेंगे जैसे नारे लगाए।
बता दें कि आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह को ईडी ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में 4 अक्टूबर 2023 को उनके आवास से गिरफ्तार किया था। उसके बाद से संजय सिंह ईडी की हिरासत में हैं।