दिल्ली में डेंगू से इस साल की पहली मौत
नई दिल्ली:-. दिल्ली में डेंगू का कहर जारी है। दिल्ली में इस साल यह पहली मौत का मामला सामने आया है। यहां सरिता विहार थाने के एसएचओ रजनीश शर्मा का डेंगू से निधन हो गया। वह बीते कुछ दिनों से अस्पताल में पीड़ित थे। रजनीश शर्मा 1997 बैच के अधिकारी थे। सरिता विहार पुलिस थाने का चार्ज संभालने से पहले वो नई दिल्ली रेलवे स्टेशन थाने के एसएचओ थे। पिछले कुछ दिनों से उन्हें बुखार था। जांच में उनमें डेंगू की पुष्टि हुई थी। वो अपने परिवार के साथ रोहिणी में रहते थे। उनकी गिनती दिल्ली पुलिस के तेज-तर्रार अधिकारियों में की जाती थी। पांच दिन पहले रजनीश शर्मा को इलाज के लिए रोहिणी के महाराजा अग्रसेन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
लगातार बढ़ रहे केस:
बता दें कि दिल्ली में बीते एक हफ्ते के दौरान ही 299 डेंगू के केस सामने आए थे। अक्टूबर महीने में दिल्ली में 26 तारीख तक 1238 डेंगू के केस रिकॉर्ड हुए। वहीं इससे पहले पूरे सितंबर महीने में डेंगू के सिर्फ 693 केस सामने आए थे। इसी के साथ इस साल अब तक दिल्ली में डेंगू के 2175 केस सामने आ चुके हैं। वहीं दूसरी तरफ इस साल अब तक मलेरिया के 200 और चिकनगुनिया के 40 केस रिपोर्ट हुए हैं। अक्टूबर महीने में ही अब तक मलेरिया के 75 और चिकनगुनिया के 17 मरीज मिले हैं।