हेड कॉन्स्टेबल को चाकू दिखा लूट लिया कैश

नई दिल्ली।

सेंट्रल दिल्ली के आनंद पर्वत इलाके में दिल्ली पुलिस के एक हेड कॉन्स्टेबल को चार बदमाशों ने घेर लिया। एक बदमाश ने कमर पर चाकू लगाया। पीड़ित ने खुद के पुलिसकर्मी होने की बात भी बताई। इसके बावजूद बदमाश जेब से 18 हजार रुपये कैश लेकर रफूचक्कर हो गए। पीड़ित हवलदार ने अगले दिन आनंद पर्वत थाने में केस दर्ज करवाया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
मिली जानकारी के अनुसार सुबोध कुमार (42) परिवार के मुंडका इलाके में रहते हैं। वो दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा के मंदिर मार्ग स्थित ऑफिस में तैनात हैं। उन्होंने आनंद पर्वत थाना पुलिस को बताया कि वह 25 अक्टूबर की शाम करीब 6:10 बजे ड्यूटी खत्म कर घर के लिए निकले थे। बाइक पर सवार होकर न्यू रोहतक रोड से होते हुए मुंडका की तरफ जा रहे थे। आनंद पर्वत इंडस्ट्रियल एरिया के सामने पहुंचने पर अचानक चार लड़कों ने घेर लिया। इससे पहले वो कुछ समझ पाते, दो लड़कों ने उनकी बाइक पीछे से उठा ली और एक लड़का बाइक के नीचे लेट गया। इसी दौरान चौथे लड़के ने उनकी कमर पर चाकू लगा दिया। पीछे से बाइक उठाने वाले लड़के उन्हें ऊपर-नीचे करने लगे।
सुबोध उन्हें खुद के दिल्ली पुलिस में होने की बात बताई, लेकिन वो अपनी हरकत से बाज नहीं आए। थोड़ी देर बाद चारों वहां से भाग गए। घर पहुंच कर उन्होंने अपने पैंट की जेब चेक की तो 18 हजार रुपये गायब मिले। पीड़ित ने आनंद पर्वत पहुंच कर अपने साथ हुई वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने इसके बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *