शादी का खाना खाते ही दूल्हा दुल्हन सहित तमाम बाराती पहुंचे अस्पताल


बागपत।
बागपत में शादी की खुशियों को उस समय पलीता लग गया, जब दूल्हा अपनी दुल्हन को लेकर बारातियों समेत घर लौटा तो दूल्हा-दुल्हन समेत तीन दर्जन से अधिक बारातियों की हालत बिगड़ गई। उल्टी और दस्त का शिकार हुई बारात को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। बारात में शामिल एक दर्जन से अधिक बच्चों की हालत भी नाजुक बनी हुई है।

दरअसल आपको बता दे कि पूरा मामला बागपत के आयशा कॉलोनी का है। जहां रोजुद्दीन अपने बेटे हाशिम की बारात लेकर गाजियाबाद के लोनी शहर के खन्ना नगर में गए थे। बारातियों ने खाना खाया और उसके बाद निकाह पढ़वाकर दुल्हन रीना को लेकर वापस बागपत आ गए। घर आने के बाद दूल्हा और दुल्हन समेत सभी बारातियों की हालत अचानक बिगड़ गई। जिस कारण कॉलोनी में हड़कम्प मच गया। सभी बारातियों को बागपत के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल के चिकित्सक डॉक्टर विजय कुमार का कहना है कि फास्ट फूड के खाने के कारण बारातियों की हालत बिगड़ी है जिनका उपचार चल रहा है, और अब सभी बारातियों की हालत में सुधार है।