30 दिन के आयोजन का मुख्यमंत्री ने किया ऐलान
नई दिल्ली:-दिल्ली में अगले साल की शुरुआत में ही देश के सबसे बड़े शॉपिंग फेस्टिवल का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य फेस्टिवल की घोषणा बुधवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने की। इस दौरान उन्होंने प्रेस को संबोधित करते हुए बताया कि दिल्ली का शॉपिंग फेस्टिवलल 28 जनवरी 2023 से शुरू होगा और 26 फरवरी 2023 तक चलेगा। इसमें हर उम्र के व्यक्ति के लिए कुछ न कुछ मिलेगा। इस फेस्टिवल से दिल्ली की अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा और बड़ी संख्या में रोजगार पैदा होंगे। उन्होंंने कहा कि यह ऐसा फेस्टिवल होगा जैसा पहले कभी नहीं हुआ। यह देश का सबसे बड़ा शॉपिंग फेस्टिवल होगा।
दुल्हन की तरह सजेगी दिल्ली:
केजरीवाल ने कहा कि शॉपिंग फेस्टिवल में खेल, मनोरंजन, अध्यात्म, तकनीक आधारित प्रदर्शनियां होंगी। इसमें दुनियाभर के विश्वस्तरीय कलाकारों को जनता के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही दिल्ली के खाने का स्वाद भी इस फेस्टिवल में मिलेगा। यही नहीं इस दौरान संगीत के लगभग 200 कार्यक्रम कराए जाएंगे। रंगारंग कार्यक्रम होंगे और पूरी दिल्ली को दुल्हन की तरह सजाया जाएगा। यहां ख़रीदारी पर भारी छूट भी मिलेगी।
मेजबानी की तैयारी शुरू:
केजरीवाल ने कहा कि इस फेस्टिवल में शामिल होने के लिए लोगों को दिल्ली आमंत्रित किया जा रहा है। लोगों को बुलाने के लिए होटलों, रेस्टोरेंटों से बात की जा रही है। दिल्ली में लोगों को लाने के लिए हम एयरलाइंस और होटल्स से बात कर रहे हैं, ताकि स्पेशल पैकेज ऑफर किया जा सके। दिल्ली की अर्थव्यवस्था को इससे बड़ा बूस्ट मिलेगा। दिल्ली के व्यापारियों, बिजनेस मैन के लिए बड़ा अवसर मिलेगा। हमें दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रेजेंट करने का बड़ा मौका होगा। इससे हजारों रोजगार पैदा होंगे, हमारे लिए रोजगार पैदा करना सबसे महत्वपूर्ण है। यह ऐसा फेस्टिवल होगा, जिससे दिल्ली के लोग व्यापारी, सरकार सब मिलकर एक पार्टनर के रूप में काम करेंगे।
अर्थव्यवस्था के लिए संजीवनी:
केजरीवाल ने कहा कि यह फेस्टिवल एक बहुत अच्छा मौका है जिससे दिल्ली के व्यापारियों को अपना व्यापार बढ़ाने का अवसर मिलेगा और अर्थव्यवस्था के लिए अच्छा होगा। देश की अर्थव्यवस्था को गति देना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस फेस्टिवल से हजारों रोजगार पैदा होंगे।