पुरानी रंजिश का खूनी बदला : घर के बाहर घेरकर नितिन की हत्या।

✍️ योगेश राणा

CCTV में कैद हुई सनसनीखेज वारदात, तीन हमलावरों ने बरसाईं गोलियां।

न्यूज़ डायरी टुडे, ग्रेटर नोएडा।

ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-1 थाना क्षेत्र के लुक्सर गांव में आज पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बता दें कि मृतक की पहचान लुक्सर निवासी नितिन (पुत्र फिरे) के रूप में हुई है। हमलावरों ने उसे उसके घर के बाहर घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं और पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है और फुटेज में तीन हमलावर नितिन को जमीन पर गिराकर पीटते और फिर उसे कई गोलियां मारते हुए दिखाई दे रहे हैं और एक महिला ने बीच-बचाव कर उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उसे हथियार दिखाकर डरा दिया।

नितिन हाल ही में जेल से छूटकर आया था!

पुलिस जांच के अनुसार,नितिन हाल ही में जेल से छूटकर आया था। वह हमलावर सचिन के परिवार के एक सदस्य की हत्या के मामले में जेल गया था, जिसे इस हत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है और सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।

सूत्रों के अनुसार, गोली लगने से गंभीर रूप से घायल नितिन को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी सचिन और उसके साथियों की तलाश में कई टीमें गठित कर दी गई हैं। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.