Diamonds worth 1 crore stolen from under train seat : ट्रेन की सीट के नीचे से 1 करोड़ के हीरे चोरी

वाराणसी सर्राफा कारोबारी के साथ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना

नई दिल्ली:- नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से वाराणसी के एक हीरा कारोबारी के एक करोड़ से ज्यादा कीमत के हीरे चोरी हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घटना तब हुई जब कारोबारी लघुशंका के लिए गया। मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली के चांदनी चौक से करीब एक करोड़ कीमत के हीरे और अन्य आभूषण खरीदकर वाराणसी जा रहे सर्राफा व्यापारी का बैग ट्रेन से बदमाश चोरी कर ले गए। चोरी की यह घटना महज 5 मिनट के अंदर अंजाम दी गई। कारोबारी ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पुलिस ने व्यापारी की शिकायत दर्ज कर ली है और सूचना मिलते ही तत्काल जांच में जुट गई। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस को आशंका है कि सर्राफा व्यापारी का पहले से ही कोई पीछा करके आया होगा। जिसे इस बात का पता रहा होगा कि बैग में कीमती जूलरी है। फिलहाल पुलिस की टीमें संदिग्धों के संभावित ठिकानों, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर छानबीन में लगी हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीड़ित वाराणसी में बाबा अमरनाथ ज्वेलर्स नाम से ज्वेलरी शोरूम चलाने वाले सर्राफा व्यापारी का नाम दिलीप सिंह ने पुलिस को बताया कि वह 19 अगस्त को वाराणसी से दिल्ली अपनी बहन के पास आए थे। शनिवार को कूंचा महाजनी में दो जूलर के यहां से करीब 2500 ग्राम हीरे, गोल्ड की जूलरी खरीदी थी, जिसकी कीमत एक करोड़ रुपये थी। व्यापारी ने बताया कि वहां से जूलरी का सारा सामान एक बैग में पैक किया और फिर नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बताय कि ट्रेन शाम 7:30 बजे थी। वह अपनी सीट पर जाकर बैठ गए। और जिस बैग में जूलरी थी, उसे सीट के नीचे रख दिया। 15 मिनट बैठने के बाद सीट से उठकर टॉइलेट के लिए गए। 5 मिनट बाद वापस आए तो बगल वाली सीट पर बैठे बुजुर्ग ने बताया कि काले रंग का बैग कोई आदमी उठाकर ले गया है। यह सुनकर दिलीप के होश उड़ गए। वह तुरंत ट्रेन से उतरकर प्लैटफॉर्म पर बैग ढूंढने लगे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद पुलिस में जानकारी दी। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.