पहले चाकू से की दोस्त की हत्या , फिर खुद ही बुलाई। वजह जानकर सभी रह गए दंग

नई दिल्ली।

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के महिंद्रा पार्क इलाके में प्रेम संबंध के चलते दोस्त की चाकू से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक रविवार (28 अप्रैल) को उत्तर पश्चिमी दिल्ली के महिंद्रा पार्क इलाके में एक 33 वर्षीय मैकेनिक की उसके किराए के घर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना में आरोपी भी गंभीर रूप से घायल हो गया, उसे हॉस्पिटल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
उन्होंने बताया कि पीड़ित जाहिद अपने कथित हत्यारे को जानता था, जिसकी पहचान रवि के रूप में की गई है। कथित तौर पर दोनों के बीच एक महिला को लेकर अनबन हुई थी।
दिल्ली पुलिस के अनुसार जाहिद और रवि एक महिला को जानते थे। जाहिद ने महिला को रवि के साथ उसके घर पर देखा था। इसको लेकर उनके बीच गाली-गलौज होने लगी। बात बढ़ी तो रवि ने जाहिद को चाकू मार दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। रवि, जिसे हाथापाई में कुछ चोटें भी आई है, ने अपने दोस्त को चाकू मारने के बाद पुलिस को फोन किया। सूचना के आधार पर पुलिस रवि के बताए ठिकाने पर पहुंची। रवि ने खुद ही दरवाजा खोला। उसके बाद दोनों को पुलिस ने बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने जाहिद को मृत घोषित कर दिया। जबकि रवि का फिलहाल एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।