नोएडा में निषाद पार्टी का शक्ति प्रदर्शन : 5 अप्रैल को इंडोर स्टेडियम में होगी बड़ी रैली, डॉ. संजय निषाद का एलान।

:- गौतमबुद्ध नगर दौरे पर कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा—बीजेपी के साथ गठबंधन अटूट

न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।

निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद आज जनपद गौतमबुद्ध नगर के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने नोएडा मीडिया क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी की आगामी रणनीतियों और संगठनात्मक विस्तार को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी आज भारतीय जनता पार्टी की एक मजबूत सहयोगी के रूप में देश और प्रदेश में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि केरल और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में भी पार्टी के कार्यकर्ता भाजपा प्रत्याशियों को जिताने के लिए पूरी निष्ठा से काम कर रहे हैं। उन्होंने इस गठबंधन को त्रेता युग में भगवान श्रीराम और महाराजा निषादराज के पवित्र संबंध से जोड़ते हुए इसे अटूट बताया।

डॉ. निषाद ने बताया कि पार्टी द्वारा पहले घोषित चार स्थानों—गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी—पर बड़ी जनसभाएं आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। इसी क्रम में गोरखपुर और प्रयागराज में सफल आयोजन हो चुके हैं, जिनमें मछुआ समाज के हजारों लोगों ने भाग लेकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की। इन रैलियों में आरक्षण, तालाब-पट्टा, बालू खनन, श्रेणी तीन की जमीन और क्रिमिनल ट्राइब्स एक्ट के तहत मिलने वाले अधिकारों को बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।

उन्होंने घोषणा की कि 5 अप्रैल 2026 को मेरठ में प्रस्तावित रैली को अब गौतमबुद्ध नगर में आयोजित किया जाएगा। इस बदलाव के पीछे ऐतिहासिक और सामाजिक कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि दनकौर की धरती पर द्वापर युग में महान धनुर्धर वीर एकलव्य के साथ छल हुआ था, जहां उनसे अंगूठा कटवाया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने भी मछुआ, कश्यप और निषाद समाज के साथ इसी तरह का व्यवहार किया—वोट तो लिया, लेकिन अधिकार नहीं दिए।
डॉ. निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी की कोर कमेटी ने विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया है कि गोरखपुर पार्टी की जन्मभूमि, प्रयागराज मछुआ समाज के गौरव का प्रतीक और गौतमबुद्ध नगर छल और शोषण के इतिहास का गवाह रहा है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रैली का स्थान बदला गया है, ताकि समाज दोबारा ऐसी गलतियों को न दोहराए।

उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को नोएडा इंडोर स्टेडियम में महर्षि कश्यप जयंती के अवसर पर विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी। इस सभा के माध्यम से पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी और उन आलोचकों को जवाब देगी, जो निषाद पार्टी को केवल पूर्वांचल तक सीमित मानते हैं।
डॉ. निषाद ने यह भी दावा किया कि आज निषाद पार्टी को मछुआ समाज की सभी उपजातियों—केवट, मल्लाह, बिंद, कहार, धीवर, कश्यप, तुरैहा, रायकवार—के साथ-साथ अन्य पिछड़ी जातियों का भी व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ये सभी समाज पूर्व की सरकारों से अपने आप को उपेक्षित और ठगा हुआ महसूस करते हैं, इसलिए अब वे निषाद पार्टी के साथ खड़े हैं।

गौतमबुद्ध नगर में होने वाली इस रैली को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र डाढा, युवा मोर्चा के सुमित गुर्जर, इंजीनियर प्रवीण निषाद, रविंद्रमणि निषाद, व्यास मुनि निषाद, पूरन सिंह कश्यप, प्रदीप कश्यप और जोगेंद्र विकल के नेतृत्व में हजारों की संख्या में गुर्जर समाज के लोगों के शामिल होने की भी उम्मीद जताई गई है।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]