न्यूज़ डायरी टुडे, नोएडा।
Noida : गौतम बुद्ध नगर में पिछले तीन दिनों के भीतर आगजनी की तीन अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। 18 अप्रैल को ग्राम सोरखा के कबाड़ में, और आज 20 अप्रैल को थाना फेस-1 की दो कंपनियों (E 69, 70) व थाना फेस-2 के ग्राम ककराला में कूड़े के ढेर में आग लगी। दमकल विभाग की मुस्तैदी से तीनों स्थानों पर आग को बुझा लिया गया है। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। बता दें कि जिले में गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच आगजनी की घटनाएं तेज हो गई हैं। पिछले 48 घंटों में स्थानीय पुलिस और फायर सर्विस यूनिट को तीन बड़ी सूचनाएं प्राप्त हुईं, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी क्षति होने से बचा लिया गया। पहली घटना परसों ग्राम सोरखा में एक कबाड़ के ढेर में भीषण आग लग गई थी। सूचना मिलते ही दमकल की 03 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। स्थानीय पुलिस के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्ण रूप से काबू पाया गया और दूसरी आज थाना फेस-1 क्षेत्र के अंतर्गत स्थित कंपनी संख्या E 69 और 70 में अज्ञात कारणों से अचानक आग धधक उठी। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण खतरा अधिक था, जिसे देखते हुए फायर ब्रिगेड की 05 गाड़ियों को तत्काल रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग को बुझा दिया, जिससे आसपास की फैक्ट्रियां सुरक्षित रहीं और तीसरी भी आज की दूसरी घटना थाना फेस-2 के ग्राम ककराला में हुई, जहाँ कूड़े के एक विशाल ढेर में आग लग गई। आग की भयावहता को देखते हुए 06 दमकल गाड़ियों का उपयोग किया गया।
सीएफओ प्रदीप कुमार की देखरेख में बुझाई गई आग, भारी नुकसान टला।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी घटनाओं में सूचना मिलते ही रिस्पांस टाइम को न्यूनतम रखते हुए कार्रवाई की गई। उन्होंने पुष्टि की कि किसी भी घटना में कोई जनहानि या घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस प्रशासन अब कंपनियों में आग लगने के सही कारणों की जांच कर रहा है।