Noida News : नोएडा सेक्टर-22 के चोड़ा गांव में 8 घंटे से बिजली गुल, लोग बेहाल

नोएडा। नोएडा सेक्टर-22 स्थित चोड़ा गांव में बिजली आपूर्ति ठप होने से स्थानीय लोग भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि बीती रात लगभग 3:00 बजे से गांव में बिजली नहीं है और अब तक करीब 8 घंटे से बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो पाई है। इस कारण से गर्मी और उमस से लोग बेहाल हैं, वहीं घरों के कामकाज, मोबाइल चार्जिंग, पानी की सप्लाई और अन्य जरूरी काम भी ठप हो गए हैं।

शिकायतों के बाद भी नहीं मिली राहत, पूर्व समाजवादी नेता सूरज राणा ने बिजली विभाग पर उठाए सवाल

स्थानीय निवासी और समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर व्यापार सभा अध्यक्ष सूरज राणा ने बिजली विभाग पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने बताया कि उन्होंने और अन्य ग्रामीणों ने कई बार एसडीओ और जेई (जूनियर इंजीनियर) को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन उठाना तक जरूरी नहीं समझा। इससे यह साफ झलकता है कि विभागीय अधिकारियों को जनता की कोई परवाह नहीं है।

सूरज राणा ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब बिजली आपूर्ति में इतनी लंबी बाधा आई हो। लेकिन विभाग की ओर से न तो कोई सूचना दी जाती है और न ही समस्या का समाधान समय पर होता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोहराई न जाए और नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहना पड़े।

एसडीओ ने दी तकनीकी गड़बड़ी की जानकारी, अब बिजली आपूर्ति बहाल

न्यूज़ डायरी टुडे से फोन पर बातचीत में संबंधित एसडीओ ने बताया कि चोड़ा गांव में बिजली आपूर्ति में आई बाधा एक तकनीकी कारण से हुई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि “तारों के आपस में चिपक जाने की वजह से बिजली सप्लाई में रुकावट आई थी, जिसे हमारे कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर दुरुस्त कर दिया है। अब बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बहाल कर दी गई है।”

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]