October 10, 2026

Raju Srivastava merged into Panchtatva : पंचतत्व में विलीन हुए राजू श्रीवास्तव

IMG_20220922_140809

अंतिम दर्शन को परिजनों संग कई फिल्मी हस्तियां पहुंची दिल्ली

नई दिल्ली:-हास्य कलाकार राजू श्रीवास्तव गुरुवार को पंचतत्व में विलीन हो गए। सुबह उनका अंतिम संस्कार दिल्ली के निगम बोध घाट पर पूरे विधि विधान से किया गया। इस दौरान उनके बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में राजू श्रीवास्तव के परिजनों सहित फ़िल्म जगत के तमाम सेलेब्रिटी भी उपस्थित रहे। इससे पहले गुरुवार सुबह 9.30 बजे दिल्ली के दशरथपुर द्वारका स्थित राजू के भाई के घर से उनकी शवयात्रा शुरू हुई थी। इसमें बड़ी संख्या में राजू के फैंस भी शामिल हुए।

गौरतलब हो कि डेढ़ महीने से ज्यादा समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद बुधवार को 58 साल की उम्र में राजू का निधन हो गया। उनको 10 अगस्त को एक्सरसाइज करते हुए हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद से ही वो दिल्ली एम्स में 42 दिनों से एडमिट थे।

अंतिम यात्रा में उमड़ी भीड़:

गुरुवार को राजू की अंतिम यात्रा के लिए एंबुलेंस को सफेद फूलों से सजाया गया था। इसके आगे राजू का फोटो भी लगा हुआ था।

राजू श्रीवास्तव की अंतिम यात्रा जब द्वारका से निगम बोध घाट के लिए शुरू हुई तो उनके परिजनों, सगे,सम्बन्धियों व कई सेलेब्रिटी के साथ उनके प्रशंसकों की भारी भीड़ भी यात्रा में शामिल हुई। इस दौरान उनके पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस पर फूल भी बरसाए गए। हज़ारों की संख्या में फैंस ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी।

पीएम सहित कई दिग्गज हस्तियों की आंखे हुई नम:

राजू श्रीवास्तव की फैन फॉलोइंग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके निधन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़े सेलेब्स जैसे अक्षय कुमार, अजय देवगन आदि ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर शोक व्यक्त किया है। 

अदाकारी से सियासत तक था राजू का जलवा:

बताया जाता है कि राजू बचपन से ही हीरो बनना चाहते थे। लेकिन मुंबई आने के बाद उन्हें पहला काम ऑटो ड्राइवर का मिला था। उसी दौरान एक सवारी ने उन्हें पहला स्टेज परफॉर्मेंस दिला दिया, जिसके लिए उन्हें 50 रुपए मिले थे। फिर राजू को अनिल कपूर के साथ फिल्म तेजाब में काम करने का मौका मिला। उसके बाद उन्होंने कई सेलेब्स के साथ काम किया। लेकिन उन्हें असली पहचान मिली ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज से, जहां उन्होंने तीसरा स्थान हासिल किया था। फिर वो कई कॉमेडी शोज में नजर आए जैसे, कॉमेडी सर्कस, लाफ इंडिया लाफ, कॉमेडी नाइट विद कपिल, द कपिल शर्मा शो, आदि। राजू ने कुल 17 फिल्मों में काम किया है। राजू ने कॉमेडी और एक्टिंग के साथ-साथ राजनीति में भी खूब नाम कमाया। मौजूदा समय में भाजपा सरकार में राज्य मंत्री का दर्जा है। वो उ.प्र. फिल्म विकास परिषद के अध्यक्ष रहे। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 2014 के लोकसभा चुनाव में कानपुर लोकसभा सीट से उन्हें मैदान में उतारा था।

Author

You may have missed