भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष की बेटी का अपहरण, मां की गोद से छीनकर भागे थे बदमाश

नई दिल्ली:- दिल्ली पुलिस में उस वक़्त हड़कंप मच गया ,जब सूचना मिली कि भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश युवा मोर्चा अध्यक्ष की बेटी का बदमाशों ने अपहरण कर लिया है। जिसके बाद तत्काल दिल्ली पुलिस ने आनन-फानन में इलाके में नाकाबंदी कर दी। नतीजतन पुलिस गश्ती को देखकर बदमाश भी सतर्क हो गए। खतरे को भांपते हुए 45 दिनों की दुधमुंही बच्ची का अपहरण करने वाले बदमाश उसे रास्ते में छोड़कर भाग खड़े हुए। अब दिल्ली पुलिस की टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश कर रही है। जानकारी के मुताबिक यह घटना दिल्ली के थाना देशबंधु रोड के रानी झांसी रोड ईदगाह के पास की है। जहां दिल्ली भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष बासु रूखड की पत्नी अपनी डेढ़ महीने की बच्ची को लेकर जा रही थीं। उसी दौरान रास्ते में बाइक सवारों ने उनकी 45 दिनों की दुधमुंही बच्ची को गोद से छीन लिया और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट डीसीपी श्वेता चौहान पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की। दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर दी। इस दौरान बदमाश बच्ची को रास्ते में छोड़कर भाग गए। इस बीच दिल्ली पुलिस ने आधे घंटे में बच्ची को ढूंढ़कर परिजनों के हवाले कर दिया। बताया गया है कि इस दौरान लोगों ने दिल्ली पुलिस जिंदाबाद के नारे भी लगाए।

इस घटना को लेकर डीसीपी श्वेता चौहान का कहना है कि सबसे बड़ी बात यह रही कि आधे घंटे में दिल्ली पुलिस ने बच्ची को ढूंढ़कर परिवार के हवाले कर दिया। अब सीसीटीवी के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है। 

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.