Tiktok star and BJP leader Sonali Phogat passes away : टिकटॉक स्टार और भाजपा नेता सोनाली फोगाट का निधन

गोवा में हार्ट अटैक से हुआ निधन

नई दिल्ली:- सोनाली फोगाट का टिकटॉक स्टार से भाजपा नेता तक का शानदार सफर अब हमेशा के लिए थम गया।  सोनाली का गोवा में हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके भाई वतन ढाका ने इस आशय की पुष्टि की। सोनाली के निधन की सूचना मिलते ही परिवार गोवा के लिए रवाना हो गया। बता दें भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें हरियाणा स्थित हिसार जिले की आदमपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस नेता रहे कुलदीप बिश्नोई के सामने उम्मीदवार बनाया था, हालांकि वह ये चुनाव हार गईं थी। बीजेपी की हरियाणा इकाई ने उन्हें महिला मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष भी नियुक्त किया था। बता दें कि सोनाली के पति संजय फोगाट का भी साल 2016 में रहस्यमयी परिस्थितियों में निधन हो गया था। फिलहाल उनकी इकलौती बेटी है, जिसका नाम यशोदरा है।

रात को पोस्ट की थी एक वीडियो:

बता दें कि सोमवार को जब सोनाली की तबियत बिगड़ने की खबर सामने आई ,तो उन्होंने  रात में ही अपने इंस्टाग्राम और फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया था। जिसमें वे एक गाने पर वाक करती नज़र आ रही थीं।

मुख्यमंत्री ने जताया शोक:

सोनाली फोगाट के निधन पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया- भाजपा नेत्री श्रीमती सोनाली फोगाट जी के आकस्मिक निधन का बेहद दु:खद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहन करने की क्षमता प्रदान करें। ॐ शांति!

सोनाली के बारे में:

सोनाली फोगाट का जन्‍म 21 सितंबर 1979 को हरियाणा के फतेहाबाद में हुआ था।  सोनाली ने 2006 में अपने करियर की शुरुआत हिसार दूरदर्शन में एंकरिंग से की। इसके बाद 2008 में उन्‍होंने बीजेपी जॉइन कर ली। सोनाली 2016 में उस समय चर्चा में आईं, जब उनके पति संजय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। उस समय सोनाली मुंबई में थीं।  2019 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने सोनाली फोगाट को आदमपुर से टिकट दे दिया। 

चप्पलों से पीटा था अधिकारी को:

2020 में सोनाली फोगाट का एक वीडियो खूब वायरल हुआ था। इस वीडियो में सोनाली फोगाट एक अध‍िकारी को चप्‍पल से मारती हुई नजर आई थीं। दरअसल कोरोना काल के दौरान जून के महीने में सोनाली फोगाट ने एक मंडी कर्मी को पीट दिया था। इस पूरे घटनाक्रम का एक वीडियो सामने आया था। वीडियो में वह हिसार मार्केट कमेटी के सचिव सुल्तान सिंह की जमकर पिटाई करती नजर आ रहीं थीं। इसी साल सोनाली को बिग बॉस-14 के घर में जाने का मौका मिला। सोनाली टिकटॉक स्टार के साथ अभिनेत्री भी थीं और कई म्यूजिक एल्बम में नजर आ चुकी हैं। 

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.