पीएम की डीपी पर लगा तिरंगा

20  करोड़ से ज्यादा घरों पर फहरेगा तिरंगा

नई दिल्ली:- आज़ादी के अमृत महोत्सव के तहत हर घर तिरंगा अभियान का असर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी सार्वजनिक दिखने लगा है।  पीएम ने मंगलवार को अपने सभी सोशल मीडिया पेज की डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) बदल दी। उन्होंने डीपी में तिरंगे की तस्वीर लगाई। बता दें कि रविवार को अपने मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने लोगों से भी अपने सोशल मीडिया पेज की डीपी में तिरंगा लगाने की अपील की है। अपने ट्वीट में पीएम ने कहा कि ‘दो अगस्त का दिन खास है। उन्होंने कहा है कि ‘ऐसे समय में जब हम आजादी का अमृत महोत्सव मना रहे हैं और देश हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए उत्साहित है, तो हमें अपने तिरंगे के लिए सामूहिक आंदोलन का उत्सव मनाने की जरूरत है। मैंने अपने सभी सोशल मीडिया अकाउंट की डीपी बदल दी है। मैं आपसे भी ऐसा करने की अपील करता हूं।’

20 करोड़ से ज्यादा घरों पर फहरेगा तिरंगा:

आजादी के 75 साल के मौके को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए सरकार ने ‘हर घर तिरंगा अभियान’ की शुरुआत की है। सरकार का लक्ष्य 13 से 15 अगस्त के बीच 20 करोड़ से ज्यादा घरों पर तिरंगा फहराने की है। इसके लिए संस्कृति मंत्रालय और अन्य विभाग जोर-शोर से तैयारी में जुटे हुए हैं। सरकार ने तिरंगे की उपलब्धता के लिए झंडा बनाने वाली संस्थाओं एवं कंपनियों को विशेष निर्देश दिए हैं। सरकार का मानना है कि इस अभियान के जरिए लोग अपने राष्ट्रीय ध्वज के बारे में ज्यादा से ज्यादा जान सकेंगे और उनमें राष्ट्रभक्ति एवं एकता की भावना मजबूत होगी।

आजादी का अमृत महोत्सव:

बता दें कि देश की आजादी के 75 साल पूरे होने पर देश भर में ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ मनाया जा रहा है। देश की 75वीं वर्षगांठ का मतलब 75 वर्ष पर विचार, 75 वर्ष की उपलब्धियां, 75 वर्ष में एक्शन और 75 वर्ष पर संकल्प शामिल है। जो स्वतंत्र भारत के सपनों को साकार करने के लिए आगे बढ़ने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। इसका मकसद देश के लोगों को संस्कृति और उपलब्धियों के गौरवशाली इतिहास को मनाने के लिए है। आजादी का अमृत महोत्सव की आधिकारिक यात्रा 12 मार्च 2021 को  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से की थी। इस महोत्सव के तहत ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और समर्पण का अभियान है। मुख्य अभियान 13 से 15 अगस्त तक आयोजित होगा, जिसमें सभी नागरिक अपने-अपने घरों पर ध्वज फहराएंगे। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लोकप्रिय बनाने के लिए भाजपा ने सुबह नौ बजे से 11 बजे के बीच प्रभात फेरी निकालने और पार्टी की युवा शाखा के नेताओं से बाइक के जरिये तिरंगा यात्रा निकालने को कहा है। पार्टी 11 से 13 अगस्त तक बूथ स्तर तक प्रभातफेरी निकालेंगे और इस दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पसंदीदा भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ और राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम’ का गायन करेंगे।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *