2025 तक डुबकी लगाने लायक होगा यमुना का पानी

दिल्ली सरकार चलाएगी ‘क्लीन यमुना मिशन’

नई दिल्ली ।
दिल्ली सरकार यमुना नदी को भी स्वच्छ बनाने की दिशा में ‘क्लीन यमुना मिशन’ चला कर तेजी से यमुना की सफाई के साथ यमुना में गिरने वाली गंदगी को भी रोकने के प्रयास में लगी हुई है। इसी प्रयास के तहत दिल्ली जल बोर्ड , दिल्ली गेट के पास 10 एमजीडी क्षमता वाले एक नए वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण करने जा रही है। नए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के बनने से पुरानी दिल्ली के 100 प्रतिशत सीवेज वाटर का ट्रीटमेंट किया जा सकेगा, जिससे यमुना के प्रदूषण में कमी आएगी।
दिल्ली गेट में वर्ष 2015 में बनाये गए 15 एमजीडी क्षमता वाले वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष सोमनाथ भारती ने कहा कि इस प्लांट के शोधित पानी की गुणवत्ता तय मानक से भी बेहतर हैं। उन्होंने बताया कि अब तक 13 जगहों पर सीवर के पानी को यमुना में गिरने से पहले शोधित करने के लिए वेस्ट वाटर ट्रीटमेंट प्लांट्स से जोड़ा गया है। वहीं, जून 2024 तक बाकी बची हुई पांच जगहों को भी ट्रैप करने की योजना है। उन्होंने बताया कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य 2025 तक यमुना को पूरी तरह से स्वच्छ करने का है, ताकि यमुना में डुबकी लगाने का दिल्ली वासियों से किया गया वादा पूरा किया जा सके।