नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक बनने वाले नए एक्सप्रेस-वे की DPR समीक्षा बैठक संपन्न, NHSRCL और सिंचाई विभाग ने दी संरेखण (Alignment) को सहमति

नोएडा से जेवर एयरपोर्ट तक सफर को और तेज व आसान बनाने की दिशा में बड़ी प्रगति हुई है। प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे की DPR समीक्षा बैठक में NHSRCL और सिंचाई विभाग ने संरेखण (Alignment) पर सहमति दे दी है। परियोजना पूरी होने के बाद दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलेगी।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | यमुना पुस्ता के किनारे नोएडा से ग्रेटर नोएडा होते हुए जेवर एयरपोर्ट तक प्रस्तावित नए एक्सप्रेस-वे के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। आज नोएडा प्राधिकरण के सेक्टर-96 स्थित सभागार में इस महत्वाकांक्षी परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) की प्रगति की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसपी) ने की। बता दें कि बैठक के दौरान भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के कंसल्टेंट मेसर्स एसएमईसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (M/s SMEC India Pvt. Ltd.) ने परियोजना की रूपरेखा प्रस्तुत की। कंसल्टेंट ने बताया कि यह नया एक्सप्रेस-वे दिल्ली-नोएडा-डायरेक्ट (DND) फ्लाईवे से शुरू होगा और यमुना पुस्ता के किनारे-किनारे आगे बढ़ते हुए ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे के चाई-4 (Chai-4) तक जाकर मिलेगा।परियोजना के संरेखण (Alignment) को लेकर बैठक में गहन विचार-विमर्श हुआ। कंसल्टेंट ने जानकारी दी कि ग्रेटर नोएडा और यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) के उच्च अधिकारियों के साथ हुई चर्चा के बाद यह तय किया गया है कि ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में एक्सप्रेस-वे का संरेखण ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सहमति से होगा, जबकि यमुना प्राधिकरण क्षेत्र का संरेखण यमुना प्राधिकरण की आपसी सहमति से फाइनल किया जाएगा।इस बैठक में नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया और उन्होंने प्रस्तावित संरेखण पर अपनी पूर्ण सहमति व्यक्त की। इसके अलावा, यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने भी रूट को लेकर अपनी तकनीकी सहमति दे दी है।

कनेक्टिविटी में होगा अभूतपूर्व सुधार?

बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी, मेसर्स एसएमईसी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के कंसल्टेंट, एनएचएसआरसीएल के प्रतिनिधि, यूपी सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना एक्सप्रेस-वे प्राधिकरण के प्रतिनिधि मुख्य रूप से शामिल हुए।अधिकारियों का मानना है कि इस नए एक्सप्रेस-वे के चालू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच कनेक्टिविटी बेहद शानदार और सुगम हो जाएगी। इससे न केवल वाहनों के आवागमन का समय बचेगा, बल्कि दिल्ली-एनसीआर से जेवर एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को एक नया और जाम-मुक्त विकल्प मिलेगा। फिलहाल डीपीआर को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसके तैयार होते ही परियोजना के जमीनी काम और आगे की वैधानिक कार्रवाई को तेजी से शुरू किया जाएगा।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]