धौलपुर में पुलिस का सख्त पैदल गश्त अभियान, आमजन में बढ़ा सुरक्षा का भरोसा।

✍️ उत्तम दीक्षित

:- पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में जिलेभर में सक्रिय हुई पुलिस, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में किया फ्लैग मार्च

न्यूज़ डायरी टुडे | धौलपुर, राजस्थान |

Dholpur News : धौलपुर जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करने के उद्देश्य से जिला पुलिस द्वारा व्यापक पैदल गश्त अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार सक्रिय नजर आ रही हैं। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों में भय और आम नागरिकों में विश्वास का माहौल तैयार करना है।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी किशोर कुमार के सुपरविजन में जिले के सभी थानाधिकारियों द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्रों में विशेष पैदल गश्त की जा रही है। देर शाम पुलिस टीमें मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थानों, चौराहों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च करती दिखाई दीं।

इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से संवाद स्थापित कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक भी लिया। पुलिस द्वारा लोगों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, व्यक्ति या घटना की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और जिले में शांति एवं कानून व्यवस्था बनी रहे।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि जिले में नियमित रूप से गश्त अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराधियों पर निगरानी रखना ही नहीं, बल्कि आमजन के बीच विश्वास कायम करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

धौलपुर पुलिस का यह अभियान लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से नागरिकों ने राहत महसूस की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार हो रही गश्त से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है और असामाजिक तत्वों में डर का माहौल बना है।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.