महर्षि यूनिवर्सिटी में एलुमनी मीट का आयोजन, बी प्राक के गीतों ने मचाया धमाल।

✍️योगेश राणा


पूर्व और वर्तमान छात्रों का मिलन, संगीत और अनुभवों की खुशबू से सराबोर रहा कार्यक्रम

नोएडा। सेक्टर-110 स्थित महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में शनिवार को एलुमनी मीट 2025 का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बॉलीवुड और पंजाबी म्यूजिक के मशहूर गायक बी प्राक ने अपने जादुई गीतों से सभी को झूमने पर मजबूर कर दिया। पूर्व और वर्तमान छात्रों की मौजूदगी में यह आयोजन एक यादगार संगीतमय शाम में बदल गया।

बी प्राक के गीतों ने मचाया धमाल

कार्यक्रम की शुरुआत बी प्राक के लोकप्रिय गीत ‘किसी और का हूं फिलहाल .. कि तेरा हो जाऊं’ से हुई। उनके गीतों ने युवाओं के दिलों की धड़कनों को महसूस किया और पूरा माहौल संगीतमय हो गया। बी प्राक के मंच पर आते ही दर्शकों का जोश देखने लायक था। तालियों की गड़गड़ाहट और ‘जय गुरुदेव’ के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। बी प्राक ने अपनी शानदार लाइव प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनके दिल छू लेने वाले गीतों और जबरदस्त परफॉर्मेंस ने इस इवेंट को और भी खास बना दिया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महर्षि यूनिवर्सिटी की तारीफ करते हुए कहा, “जैसा नाम, वैसी शांत जगह कम ही देखने को मिलती है। मुझे यहां आकर बहुत अच्छा लगा।”

पूर्व छात्रों ने साझा किए अपने अनुभव

इस कार्यक्रम में पूर्व छात्रों के अनुभवों को सुनने के लिए एक विशेष सत्र भी आयोजित किया गया। इस सत्र में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे पूर्व छात्रों ने अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। उन्होंने वर्तमान छात्रों को करियर में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और सफलता के मंत्र दिए।

विश्वविद्यालय के डीन अकादमिक, डॉ. तृप्ति अग्रवाल ने कहा, “विश्वविद्यालय अपने पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व महसूस करता है। इस आयोजन के माध्यम से उनके अनुभवों से वर्तमान विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।”

संस्थान के अधिकारियों ने जताया आभार

कार्यक्रम के दौरान संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव और वाइस चांसलर प्रो. डॉ. भानु प्रताप सिंह ने सभी के सहयोग की सराहना की। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों का भी आभार व्यक्त किया, जिनकी मदद से यह बड़ा आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

इस दौरान पूर्व छात्रों ने विश्वविद्यालय से जुड़ी अपनी पुरानी यादें भी साझा कीं। कई लोगों की आंखें नम हो गईं और नए-पुराने साथियों के बीच प्यार और सम्मान का माहौल देखने लायक था।

इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित रहे

कार्यक्रम में संस्थान के अध्यक्ष अजय प्रकाश श्रीवास्तव, मेंबर बोर्ड के गवर्नर राहुल भारद्वाज, वाइस चांसलर प्रो. डॉ. भानु प्रताप सिंह, डायरेक्टर जनरल प्रो. ग्रुप कैप्टन ओपी शर्मा, फाइनेंस ऑफिसर वरुण श्रीवास्तव, डीन अकादमिक डॉ. तृप्ति अग्रवाल, असिस्टेंट रजिस्ट्रार संदीप शर्मा और कार्यक्रम के संयोजक शिवम् यादव मौजूद रहे।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.