नोएडा, लखनऊ और गोरखपुर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई से रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मच गया। 233 प्रतिष्ठानों की जांच में गंदगी, फंगस और एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री जैसी गंभीर खामियां मिलीं। नोएडा में 13 रेस्टोरेंट के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया शुरू की गई है।
:- खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन: लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर में 233 रेस्टोरेंट खंगाले, 163 को नोटिस, नोएडा के ‘मोती महल’ और ‘कैसल बारबेक्यू’ समेत 13 के लाइसेंस होंगे सस्पेंड!
News Diary Today | Noida News
लखनऊ/नोएडा | उत्तर प्रदेश के तीन बड़े शहरों (लखनऊ, नोएडा और गोरखपुर)में खाद्य सुरक्षा विभाग ने एक साथ अब तक का सबसे बड़ा औचक निरीक्षण अभियान चलाया है। विभाग की 152 विशेष टीमों ने कुल 233 फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट और खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान किचन में चूहे,फंगस,एक्सपायर्ड नॉनवेज और बदबूदार ग्रेवी मिलने जैसी गंभीर लापरवाही सामने आई है। जांच के बाद कुल 163 सुधार नोटिस जारी किए गए हैं,जबकि बेहद खराब स्थिति वाले कई नामचीन रेस्टोरेंट्स को हमेशा के लिए बंद करने और उनके लाइसेंस निलंबित (सस्पेंड) करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बता दें कि नोएडा में 57 टीमों ने 71 प्रतिष्ठानों की बारीकी से जांच की। यहां नामी रेस्टोरेंट्स के किचन में भी भारी गंदगी, फंगस और चूहों का आतंक देखने को मिला। कई जगहों पर एक्सपायर्ड (सड़ा हुआ) नॉनवेज परोसा जा रहा था। इस लापरवाही पर 42 नोटिस थमाए गए हैं, वहीं सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए 13 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबन (Suspension) की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों के मुताबिक,जनता की सेहत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी छोटे या बड़े ब्रांड को बख्शा नहीं जाएगा और यह चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
लखनऊ: किचन में फंगस, वाटर लॉगिंग और बदबूदार ग्रेवी का खेल
राजधानी लखनऊ में 52 टीमों ने 78 प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। जांच के दौरान ड्रेनेज (निकासी) की बेहद खराब व्यवस्था, वाटर लॉगिंग (पानी का भराव) और किचन में फंगस पाई गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि कई जगहों पर कच्चे और पके हुए भोजन को एक साथ ही ठूंस कर रखा गया था, जिससे ग्रेवी में गंभीर कंटामिनेशन (दूषण) और दुर्गंध आ रही थी। लखनऊ में कुल 42 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी कर सख्त चेतावनी दी गई है।
गोरखपुर: सबसे ज्यादा 84 प्रतिष्ठानों पर जांच, 79 को मिला नोटिस
गोरखपुर में खाद्य विभाग की 43 टीमों ने मोर्चा संभाला और रिकॉर्ड 84 खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। हालांकि यहां नोएडा की तरह तुरंत लाइसेंस रद्द करने जैसी नौबत नहीं आई, लेकिन नियमों की अनदेखी करने वाले 79 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस थमाया गया है। विभाग ने साफ किया है कि तय समय में कमियां दूर न करने पर इन पर भी ताला लगाया जा सकता है।
लाइसेंस निलंबन की जद में आए प्रमुख नाम!
1-मोती महल डिलक्स (Moti Mahal Delux)
2- कैसल बारबेक्यू (Castle’s Barbeque)
3-द येलो चिली (The Yellow Chilli)
4-एब्सोल्यूट बारबेक्यूज (Absolute Barbecues)
5-मिनिस्ट्री ऑफ दारू (Ministry of Daru)
6-पंजाबी ढाबा-61
7-टेस्ट ऑफ दिल्ली एवं जायका