ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में लोगों पर हमला करने वाले 7 उल्लू रेस्क्यू, वन विभाग ने संभाला मोर्चा।

News Diary Today | Greater Noida News

G. Noida | ग्रेटर नोएडा वेस्ट की हाईराइज सोसाइटी में पिछले कुछ दिनों से मचा उल्लुओं का आतंक आखिरकार खत्म हो गया है। वन विभाग की टीम ने सोमवार, 14 सितंबर 2026 को एक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर 7 उल्लुओं के पूरे परिवार को सुरक्षित पकड़ लिया है। इन उल्लुओं के हमलों से सोसाइटी के कई लोग लहूलुहान हो चुके थे। बता दें कि यह अनोखा और डरावना मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट (ग्रेनो वेस्ट) स्थित ‘ला रेजिडेंशिया’ (La Residencia) सोसाइटी का है। यहाँ पिछले एक हफ्ते से आसमान से बरस रहे इस अज्ञात खतरे ने लोगों की रातों की नींद उड़ा रखी थी। सोसाइटी के निवासियों के मुताबिक, ये उल्लू रात के अंधेरे में या तड़के सुबह अचानक एक्टिव होते थे। जब भी कोई रेजिडेंट पार्किंग, लॉबी या कॉमन एरिया से गुजरता, तो ये ऊपर पेड़ों या स्ट्रीट लाइट के पोल से सीधे इंसान के सिर (खोपड़ी) पर झपट्टा मारते थे।इनके पंजे और चोंच इतनी पैनी थी कि हमले के तुरंत बाद सिर से खून बहने लगता था।सोसाइटी के निवासी बिजॉय त्रिपाठी ने बताया कि जब वह बुधवार रात करीब 11 बजे गाड़ी पार्क कर लौट रहे थे, तो उल्लू ने पीछे से आकर उनके सिर पर दो बार जोरदार हमला किया, जिससे वे लहूलुहान हो गए और उन्हें अस्पताल जाकर टांके व इंजेक्शन लगवाने पड़े।पिछले 3-4 दिनों के भीतर ही करीब 6 से 7 लोग इन हमलों में गंभीर रूप से घायल हो चुके थे। हालत यह हो गई थी कि लोग शाम ढलते ही घरों में कैद हो जाते थे और बहुत जरूरी होने पर हेलमेट पहनकर या सिर पर मोटा कपड़ा बांधकर बाहर निकल रहे थे।

वन विभाग का बड़ा एक्शन और ‘अरेस्ट’!

सोसाइटी में बढ़ते खौफ को देखते हुए निवासियों ने वन्यजीव विभाग से गुहार लगाई थी। शुरुआत में उल्लुओं के न मिलने के कारण ऑपरेशन में थोड़ी दिक्कत आई, क्योंकि अधिकारियों का मानना था कि अगर एक को पकड़ा और बाकी छूट गए, तो वे और अधिक आक्रामक हो सकते हैं।आखिरकार, सोमवार को वन विभाग की टीम ने बर्ड एक्सपर्ट्स के साथ मिलकर पूरी तैयारी के साथ जाल बिछाया। टीम ने सोसाइटी में छिपे उल्लुओं के पूरे कुनबे को एक साथ सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर लिया।पकड़े गए कुल उल्लुओं की संख्या 7 है, जिसमें 2 बड़े उल्लू (माता-पिता) और 5 बच्चे (चूजे) शामिल हैं।

अब कहाँ भेजे जाएंगे ये उल्लू?

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन सभी 7 उल्लुओं को बिना कोई चोट पहुँचाए बेहद सुरक्षित तरीके से पकड़ा गया है। इंसानी बस्ती से दूर, अब इन्हें ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित बर्ड सेंचुरी (Surajpur Bird Sanctuary) में प्राकृतिक माहौल में छोड़ने की तैयारी की जा रही है। उल्लुओं के पकड़े जाने के बाद अब ला रेजिडेंशिया सोसाइटी के लोगों ने राहत की सांस ली है।

Author