नोएडा पुलिस बनी देवदूत : ईकोटेक-1 पुलिस ने 4 साल के मासूम को ढूंढकर मां की गोद में लौटाया, आंखें हुईं नम

ग्रेटर नोएडा | नोएडा पुलिस ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि खाकी सिर्फ कानून की रक्षा ही नहीं, बल्कि इंसानियत की भी मिसाल है। थाना ईकोटेक-1 पुलिस ने महज कुछ घंटों की तलाश के बाद 4 वर्षीय गुमशुदा मासूम को सकुशल ढूंढकर उसकी मां की गोद में पहुंचा दिया। बच्चे से मिलते ही मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। पुलिस की इस संवेदनशील कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है। पढ़िए कैसे ईकोटेक-1 पुलिस ने तत्परता, मानवीय संवेदना और सूझबूझ से एक परिवार की खुशियां लौटाईं।

ग्रेटर नोएडा | “खाकी” के पीछे छिपे ममता भरे चेहरे की एक और मिसाल थाना ईकोटेक-1 पुलिस ने पेश की है। पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता से एक 4 वर्षीय गुमशुदा मासूम को सकुशल ढूंढकर उसकी मां को सौंप दिया गया। बच्चे को पाकर मां की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और उसने पुलिस टीम का बार-बार धन्यवाद किया। बता दें कि आज दिनांक 30.06.2026 को एक व्यक्ति ने थाना ईकोटेक-1 पुलिस को सूचना दी कि एक करीब 4 साल का बच्चा काफी देर से उनकी दुकान पर अकेला बैठा है और रो रहा है। सूचना मिलते ही थाना ईकोटेक-1 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पुलिस ने बच्चे से प्यार से पूछताछ की तो उसने अपना नाम तो बता दिया, लेकिन वह अपने माता-पिता और घर का सही पता बताने में असमर्थ था। मासूम की मासूमियत और डरी-सहमी आंखें देखकर पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए और थाना प्रभारी ने तुरंत बच्चे के परिजनों की तलाश के लिए दो टीमों का गठन किया। पुलिस टीम ने बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर आसपास के बाजार, दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों एवं किरायेदारों से बच्चे का फोटो दिखाकर गहन पूछताछ शुरू की। हर गली, हर दुकान पर पुलिस बच्चे के माता-पिता को ढूंढती रही और पुलिस टीम के निरंतर प्रयास, सतर्कता एवं तत्परता रंग लाई और कुछ ही घंटों में गुमशुदा बालक की मां का पता चल गया। जब पुलिस बच्चे को लेकर उसकी मां के पास पहुंची तो मां अपने लाल को सीने से लगाकर फूट-फूट कर रोने लगी। 4 साल का मासूम भी मां की गोद में जाकर चहक उठा। यह मार्मिक दृश्य देखकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम हो गईं। बालक के परिजनों ने थाना ईकोटेक-1 पुलिस टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “पुलिस न होती तो हमारा बच्चा शायद कभी न मिलता। नोएडा पुलिस ने आज हमारे घर की खुशियां लौटा दीं और थाना ईकोटेक-1 पुलिस की इस मानवीय और संवेदनशील कार्रवाई की पूरे क्षेत्र में सराहना हो रही है।

Author