नोएडा पुलिस कमिश्नरेट ने डायल-112 की आपातकालीन सेवा में लापरवाही पर बड़ा एक्शन लिया है। इमरजेंसी कॉल पर तय समय के भीतर मौके पर नहीं पहुंचने वाले 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने साफ संदेश दिया है कि जनता की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
News Diary Today। Noida News
नोएडा न्यूज़। नोएडा में डायल-112 की आपातकालीन सेवा में बड़ी लापरवाही बरतने पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कड़ा एक्शन लेते हुए 14 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। विभाग द्वारा की गई कार्यप्रणाली की समीक्षा में सामने आया कि यह कर्मी इमरजेंसी कॉल (सूचना) मिलने के बावजूद निर्धारित समय सीमा के भीतर मौके पर नहीं पहुंचे थे, जिससे आपातकालीन रिस्पांस टाइम में गंभीर चूक पाई गई। बता दें कि नोएडा-ग्रेटर नोएडा में आम जनता की सुरक्षा को लेकर पुलिस महकमा पूरी तरह से एक्शन मोड में आ गया है। पुलिस कमिश्नरेट द्वारा डायल-112 आपातकालीन सेवा के कार्यों और उनके प्रतिक्रिया समय (Response Time) की गहन समीक्षा की गई। इस समीक्षा बैठक और जांच रिपोर्ट में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि कई गंभीर और आपातकालीन मामलों में सूचना मिलने के बाद भी पुलिस गाड़ियां और उन पर तैनात कर्मचारी समय से घटना स्थल पर नहीं पहुंचे।आपातकालीन सेवा का मुख्य उद्देश्य पीड़ित तक चंद मिनटों में पहुंचना होता है, लेकिन इन 14 कर्मियों का रिस्पांस समय मानकों से बेहद खराब पाया गया।जांच और रिपोर्ट में शिकायतों के निस्तारण में भी कोताही की पुष्टि हुई है।नोएडा पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि आम जनता की सुरक्षा और आपातकालीन सेवाओं से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ‘ड्यूटी में लापरवाही’ बरतने वालों के खिलाफ आगे भी ऐसी दंडात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।इस ताबड़तोड़ एक्शन के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। विभाग अब रिस्पांस सिस्टम को अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए लगातार डिजिटल और जमीनी स्तर पर निगरानी रख रहा है।