नोएडा जिला अस्पताल में हादसा होते-होते टल गया। ऑपरेशन थिएटर के पास अचानक फॉल्स सीलिंग का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय गैलरी खाली थी, वरना कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा के जिला अस्पताल (संयुक्त जिला चिकित्सालय) से एक बेहद चौंकाने वाली और डराने वाली खबर सामने आई है। अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित ऑपरेशन थिएटर (OT) के पास अचानक फॉल्स सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया। सीलिंग गिरते ही अस्पताल परिसर में तेज धमाका हुआ, जिससे वहां मौजूद मरीजों, तीमारदारों और डॉक्टरों में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। बता दें कि मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुर्घटना अस्पताल की तीसरी मंजिल पर स्थित गायनी डिपार्टमेंट (महिला रोग विभाग) की ओटी गैलरी में हुई। गनीमत यह रही कि जिस वक्त यह भारी-भरकम सीलिंग नीचे गिरी, उस समय उस गैलरी में कोई भी मौजूद नहीं था। अन्यथा, वहां से गुजरने वाले मरीज, उनके तीमारदार या ड्यूटी पर तैनात स्वास्थ्यकर्मी इस गंभीर हादसे का शिकार हो सकते थे और किसी की जान पर बन सकती थी।इस घटना ने जिला अस्पताल की जर्जर हो रही व्यवस्था और वीआईपी दावों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों और अस्पताल के सूत्रों का कहना है कि यह कोई पहली घटना नहीं है; इससे पहले भी अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में फॉल्स सीलिंग गिरने के मामले सामने आ चुके हैं। बार-बार हो रहे इन हादसों के बावजूद अस्पताल का रखरखाव विभाग (मेंटेनेंस टीम) गहरी नींद में सोया हुआ है।इस घटना के बाद से अस्पताल में आने वाले मरीज और उनके परिजन खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि इस लापरवाही पर उच्च अधिकारी क्या कार्रवाई करते हैं और अस्पताल की मरम्मत कब तक सुनिश्चित की जाती है।
क्या बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है प्रशासन?
इस हादसे के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यप्रणाली और सरकारी दावों पर कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।मरीजों को जीवन देने वाले अस्पताल में ही उनकी जिंदगी को दांव पर क्यों लगाया जा रहा है?।जब पहले भी सीलिंग गिर चुकी है, तो पूरे अस्पताल का सेफ्टी ऑडिट और मरम्मत कार्य क्यों नहीं कराया गया?।सरकारी बजट और रखरखाव के नाम पर आने वाले फंड का इस्तेमाल कहाँ हो रहा है?।क्या अस्पताल प्रबंधन किसी बड़े और जानलेवा हादसे का इंतजार कर रहा है, जिसके बाद वह अपनी नींद से जागेगा?