मालिक की वफादारी तार-तार : नोएडा मॉल में शॉपिंग के दौरान कार से 9 लाख उड़ाने वाला ड्राइवर 24 घंटे में गिरफ्तार

Noida news : 12 साल की वफादारी एक पल के लालच में टूट गई। सेक्टर-18 स्थित मॉल में शॉपिंग के दौरान मालिक की कार से ₹9 लाख लेकर फरार हुए ड्राइवर को नोएडा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी की पूरी रकम बरामद कर आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | यह सनसनीखेज मामला दिनांक 18 जुलाई 2026 का है।उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के रहने वाले एक पीड़ित (वादी) अपने परिवार के साथ नोएडा के एक नामचीन मॉल में शॉपिंग करने आए थे। उन्होंने अपनी कार की जिम्मेदारी अपने पुराने चालक को सौंप रखी थी। इसी दौरान कार में रखा 9 लाख रुपये की नकदी से भरा बैग गायब हो गया। पीड़ित की तहरीर पर नोएडा के थाना सेक्टर-20 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत तत्काल मुकदमा पंजीकृत किया गया। बता दें कि कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन टीमें गठित कीं। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस (स्थानीय खुफिया तंत्र) और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। घटना के मात्र 24 घंटे के भीतर, चेकिंग के दौरान पुलिस ने लाल पैथ लैब के सामने वाले पार्क के अंदर से आरोपी चालक को दबोच लिया।पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में आरोपी के पास से चोरी की गई शत-प्रतिशत धनराशि (पूरे 9 लाख रुपये नकद) बरामद हो गई। इसके साथ ही उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी मिला है।आरोपी की पहचान कपिल पुत्र सत्यभान,निवासी ग्राम नादा वाजिदपुर,थाना रोरावर,जिला अलीगढ़ के रूप में हुई है और उम्र करीब 34 वर्ष तथा 5वीं पास है।

12 साल का भरोसा और लालच की कहानी?

पुलिस पूछताछ में आरोपी कपिल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह पिछले करीब 12 वर्षों से पीड़ित परिवार के यहाँ चालक की नौकरी कर रहा था और उनका बेहद वफादार था।लेकिन घटना के दिन कार में इतनी बड़ी रकम देखकर उसके मन में अचानक लालच आ गया। उसने भरोसे को ताक पर रखकर बैग साफ कर दिया।थाना सेक्टर-20 पुलिस ने बताया कि बरामद की गई पूरी नकदी को विधिक (कानूनी) कार्रवाई पूरी होने के बाद असली मालिक (वादी) को सौंप दिया जाएगा। आरोपी कपिल को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

एडीसीपी का बयान: शॉपिंग के दौरान नगदी समेटकर फरार हुआ था चालक, पुलिस ने गाड़ी और कैश दोनों किया बरामद।

एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि 18 जुलाई 2026 को अलीगढ़ का एक परिवार सेक्टर-18 स्थित डीएलएफ मॉल में शॉपिंग करने आया था। उन्होंने कार और उसमें रखे करीब 9 लाख रुपये कैश की जिम्मेदारी अपने ड्राइवर को सौंपी थी।”शॉपिंग के दौरान चालक गाड़ी और नगदी समेत वहां से फरार हो गया, जिसकी शिकायत बाद में पीड़ित परिवार ने दर्ज कराई।”नोएडा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गाड़ी पहले ही बरामद कर ली थी। आज आरोपी ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जो पीड़ित परिवार के साथ पिछले 12 वर्षों से काम कर रहा था।” “आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए पूरे 9 लाख रुपये शत-प्रतिशत बरामद कर लिए गए हैं। उसके पास से एक अवैध चाकू भी मिला है, जिसके चलते उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।”

Author