नोएडा में फोन पर विदेशी शराब की होम डिलीवरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ : हाथरस का डिलीवरी बॉय गिरफ्तार, 27 बोतलें बरामद

नोएडा में फोन पर विदेशी शराब की होम डिलीवरी करने वाले अवैध नेटवर्क का बड़ा खुलासा हुआ है। आबकारी विभाग और सेक्टर-113 पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में हाथरस का एक डिलीवरी बॉय गिरफ्तार किया गया, जबकि उसके ठिकाने से 27 बोतलें महंगी विदेशी शराब, स्कूटी और मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। मामले का मास्टरमाइंड अभी फरार है।

News Diary Today। Noida News

नोएडा न्यूज़। नोएडा में फोन कॉल पर विदेशी ब्रांड्स की अवैध शराब की होम डिलीवरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। जिला आबकारी अधिकारी सुबोध कुमार के कड़े निर्देशन में आबकारी विभाग और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बता दें कि आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 और क्षेत्र-4 की संयुक्त टीम ने थाना सेक्टर-113 पुलिस के साथ मिलकर रात के समय सेक्टर-73 सर्फाबाद क्षेत्र में जाल बिछाया। टीम ने फोन पर ऑर्डर लेकर स्कूटी से शराब की डिलीवरी करने पहुंचे अभियुक्त अनिल (निवासी: हाथरस) को मौके पर रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद जब पुलिस और आबकारी टीम ने अभियुक्त अनिल की निशानदेही पर उसके किराए के फ्लैट पर छापेमारी की, तो वहां अधिकारियों के भी होश उड़ गए। फ्लैट से दुनिया के महंगे और नामी ब्रांड्स की कुल 27 बोतलें इम्पोर्टेड विदेशी मदिरा बरामद की गईं, जिनमें शामिल हैं जेम्सन (Jameson), ब्लैक एंड व्हाइट (Black & White), जॉनी वॉकर डबल ब्लैक (Johnnie Walker Double Black),एब्सलूट वोडका (Absolut Vodka),बॉम्बे सैफायर (Bombay Sapphire), रोकू जिन (Roku Gin),बेलीज (Baileys) बरामद की गई इन सभी बोतलों पर उत्तर प्रदेश राज्य का अनिवार्य क्यूआर कोड (QR Code) नहीं पाया गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि यह शराब दिल्ली से सटे हरियाणा राज्य से तस्करी कर नोएडा लाई जा रही थी। पुलिस ने मौके से शराब के अलावा तस्करी में इस्तेमाल होने वाली एक स्कूटी और 2 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

मुकदमा दर्ज, मुख्य संचालक फरार?

इस गिरोह का मुख्य संचालक (मास्टरमाइंड) फिलहाल पुलिस की गिरफ्त से दूर है, जिसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस पूरी कार्रवाई के संबंध में थाना सेक्टर-113 में आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है।जिला आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद नोएडा में अवैध शराब की बिक्री, तस्करी और होम डिलीवरी के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ निरंतर जारी रहेगा।

Author