Noida News: नोएडा के सेक्टर-27 स्थित अट्टा मार्केट में चल रहे फर्जी कॉल सेंटर का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी करने वाले गिरोह के 6 आरोपियों, जिनमें 4 महिलाएं शामिल हैं, को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की साइबर टीम और थाना सेक्टर-20 पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई के दौरान बेरोजगार युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने सेक्टर-27 स्थित अट्टा मार्केट की एक बिल्डिंग में चल रहे इस फर्जी कॉल सेंटर पर छापेमारी कर गिरोह के छह सदस्यों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो पुरुष और चार महिलाएँ शामिल हैं। बता दें कि पुलिस जांच के अनुसार, यह शातिर गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और सार्वजनिक स्थानों पर पम्पलेट बांटकर युवाओं को बड़ी-बड़ी कंपनियों में आकर्षक वेतन वाली नौकरी दिलाने का झांसा देता था। जैसे ही कोई बेरोजगार युवा इनके झांसे में आता था, ये लोग उससे रजिस्ट्रेशन फीस, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और सिक्योरिटी मनी के नाम पर मोटी रकम वसूल लेते थे। पैसे ट्रांसफर होने के बाद आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर देते थे और पीड़ित से पूरी तरह संपर्क काट लेते थे।एक पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 27 जुलाई 2026 को अट्टा मार्केट की संदिग्ध बिल्डिंग पर छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने मौके से स्वेता सिंह उर्फ प्रिया, नीजू यादव, कीर्ति सिंह उर्फ मीरा, पूजा, रूपेश कुमार और आमीर राणा को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह संगठित तरीके से कॉल सेंटर का सेटअप बनाकर युवाओं को निशाना बना रहा था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी के धंधे में इस्तेमाल होने वाला भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
कड़ी धाराओं में केस दर्ज, भेजे गए जेल!
गिरफ्तार किए गए सभी छह आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-20 में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट (IT Act) की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया है। पुलिस गिरोह के अन्य कड़ियों और इनके बैंक खातों की भी जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने अब तक कुल कितने लोगों से कितनी रकम की ठगी की है।
नोएडा पुलिस की नागरिकों से अपील!
नोएडा जोन की एडीसीपी मनीषा सिंह ने इस घटना के बाद आम जनता और खासकर नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक परामर्श जारी किया है।पुलिस ने अपील की है कि किसी भी कंपनी में नौकरी के लिए आवेदन करते समय या इंटरव्यू के नाम पर किसी भी प्रकार का शुल्क देने से पहले कंपनी की प्रामाणिकता और वैधता की जांच अच्छी तरह से कर लें। कोई भी प्रतिष्ठित कंपनी नौकरी के लिए पैसे नहीं मांगती है। यदि किसी भी क्षेत्र में ऐसी संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे, तो तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दें।