नोएडा से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। थाना फेस-1 क्षेत्र में एक पिता पर अपनी 7 वर्षीय मासूम बेटी के साथ अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है। बच्ची की मां ने आरोपी को रंगेहाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | दिल्ली से सटे नोएडा से एक ऐसी दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पिता-पुत्री के पवित्र रिश्ते को कलंकित कर दिया है। थाना फेस-1 क्षेत्र में एक कलयुगी पिता द्वारा अपनी ही 7 वर्षीय मासूम बच्ची के साथ अश्लील हरकत और शारीरिक शोषण करने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। इस घिनौने कृत्य का भंडाफोड़ तब हुआ जब बच्ची की मां ने अपने पति को रंगेहाथों पकड़ लिया। बता दें कि आरोपी की पहचान मोहम्मद मनन के रूप में हुई है। घटना के वक्त आरोपी घर में अपनी 7 साल की मासूम बेटी के साथ अश्लील हरकतें कर रहा था। इसी दौरान बच्ची की मां अचानक वहां पहुंच गई और उसने अपनी ही आंखों के सामने पति की इस करतूत को देखा। ममता पर भारी पड़ रहे इस खौफनाक मंजर को देखकर मां के होश उड़ गए। उसने तुरंत अपनी बच्ची को उस दरिंदे के चंगुल से छुड़ाया।स्थानीय लोगों और पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी मोहम्मद मनन का आपराधिक इतिहास रहा है। वह पहले भी महिलाओं से छेड़खानी और अभद्र व्यवहार करने के आरोप में जेल की हवा खा चुका है। जेल से छूटने के बाद भी उसकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया और इस बार उसने अपनी ही मासूम बेटी को अपनी हवस और विकृत मानसिकता का शिकार बनाने की कोशिश की।इस रूह कंपा देने वाली घटना के बाद हिम्मत दिखाते हुए पीड़िता की मां तुरंत थाना फेस-1 पहुंची। महिला ने लिखित तहरीर देकर अपने पति मोहम्मद मनन के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की संवेदनशीलता और गंभीरता को देखते हुए नोएडा पुलिस ने बिना कोई वक्त गंवाए त्वरित कार्रवाई की।इस घटना ने स्थानीय इलाके में हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। लोग आरोपी पिता को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं ताकि समाज में एक कड़ा संदेश जा सके।
एडीसीपी मनीषा सिंह का बयान: कानून के दायरे में होगी सख्त से सख्त कार्रवाई
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि थाना फेस-1 क्षेत्र के अंतर्गत एक महिला द्वारा लिखित तहरीर देकर सूचना दी गई कि उसके पति मोहम्मद मनन द्वारा उनकी नाबालिग पुत्री (उम्र लगभग 7 वर्ष) के साथ घर में अश्लील हरकतें और दुर्व्यवहार किया गया है। महिला की तहरीर के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित गंभीर धाराओं में अभियोग (मुकदमा) पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी एवं अग्रिम विधिक कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।”