मां की ममता के आगे पिघला ‘लौह पुरुष’ का संन्यासी मन: पार्थिव देह के सामने फफक पड़े सीएम योगी, छलक पड़े आंसू।

मां के अंतिम दर्शन करते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। संन्यासी जीवन और कठोर प्रशासनिक छवि के बीच मां के प्रति बेटे का स्नेह छलक उठा। पंचूर गांव में मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते हुए योगी की आंखों से आंसू बह निकले।

News Diary Today | Uttrakhand/Lucknow News

भगवे के भीतर धड़का एक बेटे का कोमल हृदय: मां को अंतिम विदाई देते हुए भावुक हुए योगी आदित्यनाथ

पौड़ी गढ़वाल (उत्तराखंड)/लखनऊ | अक्सर अपनी सख्त प्रशासनिक छवि और कठोर फैसलों के लिए ‘लौह पुरुष’ के रूप में पहचाने जाने वाले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बिल्कुल अलग और बेहद भावुक रूप में नजर आए। अपनी जन्मदात्री मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री का संन्यासी मन भी मां की ममता के आगे सिमटता दिखाई दिया। मां के पार्थिव शरीर के समीप खड़े होकर अंतिम दर्शन करते वक्त सीएम योगी की आंखें भर आईं और उनके आंसू छलक पड़े। बता दें कि मां के निधन की खबर मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर (पौड़ी गढ़वाल, उत्तराखंड) पहुंचे। घर के आंगन में जब उन्होंने मां सावित्री देवी के शांत पड़े पार्थिव शरीर को देखा, तो वे खुद पर काबू नहीं रख सके। उन्होंने नम आंखों से मां के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दी। इस मार्मिक दृश्य ने वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम कर दीं।परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में पंचूर से माता सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शुरू हो गई है। उनकी पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए पंचूर से हरिद्वार ले जाया जा रहा है, जहां पवित्र गंगा तट स्थित चंडी घाट पर पूरे विधि-विधान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

भावुक कर देने वाला संन्यासी और मां का रिश्ता!

गोरक्षपीठ के महंत और संन्यासी जीवन अपनाने के बाद योगी आदित्यनाथ ने सांसारिक मोह-माया का त्याग कर दिया था, लेकिन मां के प्रति उनका गहरा सम्मान और स्नेह हमेशा बना रहा। साल 2020 में जब उनके पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन हुआ था, तब कोरोना महामारी और राजधर्म के दायित्वों के कारण वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे और उन्होंने अपनी मां को एक भावुक पत्र लिखा था। लेकिन आज मां के जाने के इस अपूरणीय दुख की घड़ी में एक बेटे के रूप में उनकी पीड़ा आंसुओं के जरिए बाहर आ गई।इस दुखद समाचार के बाद देश और प्रदेश भर से राजनीतिक दिग्गजों, साधु-संतों और आम नागरिकों द्वारा शोक संवेदनाएं व्यक्त करने का सिलसिला जारी है।

Author