नोएडा में मिलावटखोरों पर कसेगा शिकंजा : डीएम के सख्त आदेश, दूषित सैंपल मिलने पर तत्काल जुर्माना और RC जारी होगी, ब्लड बैंक-दवा दुकानों की भी होगी जांच।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | नोएडा और ग्रेटर नोएडा में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों की अब खैर नहीं है। जनपद के लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री, सुरक्षित पेय पदार्थ और मानकों के अनुरूप दवाइयां उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू करने का फैसला किया है। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग को व्यापक छापेमारी और सघन सैंपलिंग के निर्देश दिए गए हैं।

शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा विशेष अभियान

सोमवार को एनआईसी सभागार में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य एवं पेय पदार्थों की व्यापक जांच की जाए। बाजारों, दुकानों, मिठाई की दुकानों, डेयरियों, होटल-रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों से नियमित रूप से सैंपल लिए जाएंगे।

डीएम ने कहा कि यदि प्रयोगशाला जांच में किसी खाद्य पदार्थ के नमूने में मिलावट या गुणवत्ता में कमी पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में जुर्माना लगाने के साथ-साथ अन्य कानूनी दंडात्मक प्रावधान भी लागू किए जाएंगे।

होटल, ढाबे और कैंटीन रहें सतर्क

बैठक में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिले में संचालित सभी होटल, रेस्टोरेंट, ढाबों, स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों की कैंटीनों का नियमित एवं आकस्मिक निरीक्षण किया जाए।
प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आम नागरिकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्ता युक्त भोजन उपलब्ध हो सके। निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की जाएगी।

फूड फोर्टिफिकेशन और कुकिंग ऑयल पर जागरूकता अभियान

बैठक में फूड फोर्टिफिकेशन को बढ़ावा देने, इस्तेमाल किए गए कुकिंग ऑयल (Used Cooking Oil) के सुरक्षित निस्तारण और शुद्ध खाद्य पदार्थों के उपयोग को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि विस्तृत एडवाइजरी तैयार कर उसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि लोग मिलावटी खाद्य पदार्थों से बच सकें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।

ब्लड बैंक और मेडिकल स्टोर्स भी प्रशासन के रडार पर

बैठक के दौरान औषधि निरीक्षक ने बताया कि जिले में गुणवत्तापूर्ण और मानकों के अनुरूप दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
डीएम ने ब्लड बैंक, मेडिकल स्टोर्स, दवा निर्माण इकाइयों और कॉस्मेटिक उत्पादों की नियमित जांच के निर्देश दिए। इसके तहत लाइसेंस, स्टोरेज, गुणवत्ता और वैधानिक मानकों की विशेष रूप से जांच की जाएगी।

लंबित मामलों में होगी सख्त वसूली

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिन प्रतिष्ठानों पर पहले से जुर्माना लगाया जा चुका है, उनके खिलाफ निर्धारित समय सीमा के भीतर आरसी (रिकवरी सर्टिफिकेट) जारी कर वसूली की प्रक्रिया पूरी की जाए।
इसके अलावा लंबित मामलों का भी शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए गए ताकि कार्रवाई प्रभावी और परिणामकारी बन सके।

सभी विभाग मिलकर करेंगे काम

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे, एडीसीपी सुधीर कुमार, औषधि निरीक्षक जय सिंह, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी स्मृति गौतम, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी टीकम सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश कुमार मिश्रा तथा मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए ताकि जनपदवासियों को शुद्ध भोजन, सुरक्षित पेयजल और गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें।

Author