करोड़ों की सफाई, सड़क पर मौत : सेक्टर-53 में कूड़े की गाड़ी से बोरा गिरा, बाइक सवार बाल-बाल बचा; युवा क्रांति सेना बोली- टेंडर वाले मुनाफे में, जनता जोखिम में।

News Diary Today, Noida News

Noida : नोएडा में सफाई व्यवस्था के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद जमीनी हकीकत बेहद चिंताजनक बनी हुई है। सेक्टर-53 एलिवेटेड रोड के नीचे बुधवार को एक बड़ी लापरवाही सामने आई, जब कूड़ा उठाने वाली गाड़ी से अचानक एक बोरा गिरकर बाइक सवार के ऊपर जा गिरा। गनीमत रही कि बाइक सवार की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। बता दें कि इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि कूड़े से भरी गाड़ी बिना किसी तिरपाल या जाल के, खुले में सड़क पर दौड़ रही है। चलती गाड़ी से रास्ते में कूड़े के बोरे गिरते जा रहे हैं और घटना पर युवा क्रांति सेना के अध्यक्ष अविनाश सिंह ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, “नोएडा की जनता की सुरक्षा के साथ इस तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अगर आज किसी व्यक्ति की जान चली जाती तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?” और
अविनाश सिंह ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये के टेंडर लेने वाली कंपनियों को जनता की जिंदगी से ज्यादा अपने मुनाफे की चिंता है। सफाई के नाम पर सिर्फ कागजी खानापूर्ति हो रही है। वहीं युवा क्रांति सेना ने ऐलान किया है कि जल्द ही प्रेस वार्ता आयोजित की जाएगी। इसमें वायरल वीडियो, फोटो और अन्य साक्ष्यों के साथ पूरे मामले को नोएडा की जनता के सामने रखा जाएगा। युवा क्रांति सेना की माँग है कि लापरवाही करने वाली एजेंसियों पर सख्त कार्रवाई हो। दोषी कंपनी को तत्काल ब्लैकलिस्ट किया जाए। साथ ही जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों की जवाबदेही तय की जाए।

सवालों के घेरे में प्राधिकरण?

स्थानीय लोगों का कहना है कि नोएडा प्राधिकरण हर साल सफाई पर 300 करोड़ रुपये से ज्यादा खर्च करता है। इसके बावजूद न तो कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों के मानक तय हैं, न ही मॉनिटरिंग। खुली गाड़ियों में कूड़ा ढोना, ऊपर से बोरा गिरना आम बात हो गई है।फिलहाल प्राधिकरण के अधिकारियों ने वीडियो का संज्ञान लेकर जाँच की बात कही है।

Author