:- अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन को लेकर कर्मचारियों को दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण
न्यूज़ डायरी टुडे | नोएडा
Noida News। मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कैलाश अस्पताल एवं हृदय संस्थान में सोमवार को अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन को लेकर फायर मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस फायर डिपार्टमेंट के सहयोग से आयोजित इस विशेष अभ्यास में अस्पताल प्रशासन, फायर सेफ्टी टीम, चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
मॉकड्रिल के दौरान उत्तर प्रदेश फायर डिपार्टमेंट के वरिष्ठ अधिकारी देवेन्द्र और उनकी टीम ने कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, आपातकालीन निकासी मार्गों और प्राथमिक सुरक्षा उपायों की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग का लाइव प्रदर्शन कर कर्मचारियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
आपात स्थिति में सतर्कता और तैयारी
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सारिका चंद्रा ने कहा कि मरीजों और कर्मचारियों की सुरक्षा अस्पताल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि इस मॉकड्रिल का मुख्य उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करना तथा कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित करना है।
डॉ. चंद्रा ने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि किसी भी संकट की स्थिति में घबराहट के बजाय सतर्कता और बेहतर तैयारी के साथ कार्य किया जा सके।
फायर विभाग की टीम का जताया आभार
मॉकड्रिल के सफल आयोजन पर डॉ. सारिका चंद्रा ने गौतमबुद्धनगर के चीफ फायर ऑफिसर प्रदीप कुमार और उनकी टीम का आभार व्यक्त किया। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम अस्पताल परिसर में सुरक्षा संस्कृति को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।