Noida News : नोएडा हाट में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश दिवस का भव्य समापन


:– सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विकास की उपलब्धियों के साथ तीन दिवसीय आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न

:– “उत्तर प्रदेश ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर बनाई अलग पहचान” – डॉ. महेश शर्मा

नोएडा :- नोएडा, सेक्टर 33ए स्थित नोएडा हाट में तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस का भव्य समापन रविवार को हुआ। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों की झलक, प्रदेश की विरासत का प्रदर्शन और विकास की उपलब्धियों की चर्चा मुख्य आकर्षण रहे। समापन समारोह में गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अपने विचार साझा करते हुए प्रदेश और जिले की प्रगति पर प्रकाश डाला।

सांसद ने नोएडा और प्रदेश की उपलब्धियों को सराहा

गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने उत्तर प्रदेश की अद्वितीय पहचान और गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश न केवल भारत का सबसे बड़ा राज्य है, बल्कि यह वैश्विक मंच पर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है। उन्होंने कहा, “नोएडा और ग्रेटर नोएडा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। यह औद्योगिक नगरी आज विकास और सुशासन का प्रतीक बन गई है।”डॉ. शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने नोएडा को अपनी पहचान देने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया और कहा, “यह हर्ष का विषय है कि आज उत्तर प्रदेश दिवस और गणतंत्र दिवस का आयोजन एक साथ भव्य रूप से संपन्न हो रहा है।”

जिलाधिकारी ने जनपद के विकास कार्य से लोगों को कराया अवगत

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस के आयोजन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करना था। उन्होंने कहा, “इस वर्ष की थीम ‘विरासत से विकास’ हमारे प्रदेश की उन्नति का प्रतीक है। उत्तर प्रदेश निरंतर प्रगति कर रहा है, और इसका श्रेय यहां के नागरिकों और शासन की नीतियों को जाता है।”उन्होंने महाकुंभ और बनारस के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि 144 वर्षों बाद महाकुंभ का आयोजन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत उदाहरण है।

अधिकारियों और कर्मचारियों का किया गया सम्मान

कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सांसद डॉ. महेश शर्मा ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। आईटीई के निदेशक आशीष शर्मा को कुशल प्रबंधन और बेहतर व्यवस्था के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई शोभा

तीन दिवसीय आयोजन में सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न स्कूलों के बच्चों ने अपने नृत्य और संगीत प्रस्तुतियों से समारोह में चार चांद लगा दिए। उनकी हौसलाअफजाई के लिए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने नगद पुरस्कार प्रदान किए।शाम को बॉलीवुड नाइट में गायक विशाल श्रीवास्तव ने अपने गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। साथ ही, अश्रुत बैंड की प्रस्तुति ने कार्यक्रम में अलग ही आकर्षण जोड़ा।

लोगों ने स्टॉल पर की जमकर खरीदारी

नोएडा हाट में तीनों प्राधिकरणों और स्वयं सहायता समूहों के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों ने जमकर खरीदारी की। बनारस के प्रसिद्ध पान का स्वाद भी दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण बना।-

आयुर्वेदिक चिकित्सा पर विशेष जागरूकता स्टॉल

जिला प्रशासन और आयुष विभाग उत्तर प्रदेश के सौजन्य से आयुर्वेदिक चिकित्सा को लेकर एक विशेष स्टॉल लगाया गया। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. धर्मेंद्र कुमार और उनकी टीम ने औषधीय पौधों और रसोई में उपयोग होने वाले मसालों के स्वास्थ्य लाभों पर विस्तृत जानकारी दी। दीपिका त्यागी ने लोगों को आयुर्वेदिक चिकित्सा की उपयोगिता और इससे जुड़ी उपचार विधियों के प्रति जागरूक किया।

मुख्य रूप उपस्थित रहे

कार्यक्रम के दौरान नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश पाल और संजय खत्री सहित प्राधिकरण एवं जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। उनके साथ अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी आयोजन में भाग लिया और इसे सफल बनाने में अपना योगदान दिया।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]