Noida News : नोएडा पुलिस ने दिल्ली-NCR में सक्रिय एक बड़े वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 33 मुकदमों वाले शातिर अपराधी आशु ढेढा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की 12 बाइक और स्कूटर बरामद किए हैं। गिरोह में एक नाबालिग के शामिल होने का भी खुलासा हुआ है। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
News Diary Today | News Noida
नोएडा न्यूज़। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के वाहन स्वामियों के लिए सिरदर्द बन चुके एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर को नोएडा की थाना फेस-1 पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी के कुल 12 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पकड़ा गया मुख्य आरोपी ‘आशु ढेढा’ आपराधिक दुनिया का पुराना खिलाड़ी है, जिस पर पहले से ही अलग-अलग थानों में 33 गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी (नाबालिग) को भी अपनी अभिरक्षा में लिया है। बता दें कि पुलिस के अनुसार, यह गिरोह दिल्ली-NCR के इलाकों में बेहद शातिराना अंदाज में कुछ ही सेकंड के भीतर दोपहिया वाहनों के लॉक तोड़कर रफूचक्कर हो जाता था। हाल ही में इस गिरोह की एक करतूत पास में लगे एक CCTV कैमरे में कैद हो गई थी। इस फुटेज के आधार पर और मुखबिर की सटीक सूचना पर थाना फेस-1 पुलिस ने जाल बिछाया और इस गैंग का पर्दाफाश कर दिया।पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी आशु ढेढा अपने साथियों के साथ मिलकर मुख्य रूप से तीन बड़े शहरों को निशाना बनाता था जिसमें नोएडा भीड़भाड़ वाले मार्केट और मेट्रो स्टेशनों के बाहर से रेकी कर वाहन उड़ाना,गाजियाबाद रिहायशी सोसायटियों और सुनसान रास्तों पर खड़ी बाइकों की चोरी और दिल्ली एनसीआर के बॉर्डर वाले इलाकों में वारदात को अंजाम देकर गायब हो जाना।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न स्थानों से चोरी की गई 12 मोटरसाइकिलें और स्कूटर बरामद किए हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि इस अपराध में आरोपी ने एक नाबालिग (बाल अपचारी) को भी अपने साथ शामिल कर रखा था, जिसका इस्तेमाल वह पुलिस की नजरों से बचने और रेकी करने के लिए करता था। नाबालिग को पुलिस अभिरक्षा में लेकर जुवेनाइल कोर्ट के समक्ष पेश किया जा रहा है।थाना फेस-1 के प्रभारी ने बताया कि आरोपी आशु ढेढा एक आदतन अपराधी है। इसके पुराने आपराधिक इतिहास (33 मुकदमों) को देखते हुए पुलिस इसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट और अन्य सख्त कानूनी धाराओं के तहत भी कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। इस बड़ी रिकवरी से एनसीआर में वाहन चोरी के कई अन्य मामलों के सुलझने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR में फैला था नेटवर्क, जांच अभी जारी”- पुलिस
अपर पुलिस उपायुक्त (ADCP) मनीषा सिंह ने बताया कि पुलिस आयुक्त महोदया के निर्देशन में नोएडा ज़ोन में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना फेस-1 पुलिस और एसीपी की टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर आशु ढेढा को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से चोरी के 12 दोपहिया वाहन बरामद हुए हैं। आरोपी पर पहले से ही दिल्ली-NCR में 33 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई के दौरान एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।”