नोएडा के ममूरा गांव में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद विधायक पंकज सिंह ने घटनास्थल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने गहरा शोक व्यक्त करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिया और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने व घटना की निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए।
दो लोगों की मौत पर जताया गहरा शोक, प्रशासन से ली राहत एवं बचाव कार्य की जानकारी; पीड़ित परिवार को हर संभव मदद देने के दिए निर्देश
नोएडा न्यूज़ । ममूरा गांव में हुए भीषण अग्निकांड में दो लोगों की दर्दनाक मौत के बाद नोएडा के विधायक पंकज सिंह तत्काल घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रभावित परिवार को तत्काल राहत उपलब्ध कराई जाए और हादसे की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाए।
घटनास्थल पहुंचकर परिजनों को बंधाया ढांढस
हादसे की जानकारी मिलते ही विधायक पंकज सिंह ममूरा गांव पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद एवं पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
प्रशासन से ली राहत एवं बचाव कार्य की पूरी जानकारी
मौके पर विधायक पंकज सिंह ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, अग्निशमन विभाग और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से राहत एवं बचाव अभियान की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि सूचना मिलते ही संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।
रेस्क्यू के दौरान भवन में फंसे दो लोगों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता देने के निर्देश
विधायक पंकज सिंह ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को शासन द्वारा निर्धारित सभी आवश्यक सहायता शीघ्र उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि घटना के कारणों की गंभीरता से जांच कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
स्थानीय लोगों से भी की बातचीत
मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों से बातचीत करते हुए विधायक ने घटना की पूरी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ा है और राहत कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।
