नोएडा में फिर हादसा : पत्नी के साथ टहल रहे बुजुर्ग वैज्ञानिक खुले नाले में समाए, स्थानीय लोगों ने बचाई जान।

नोएडा में एक बार फिर प्रशासनिक लापरवाही बड़ा हादसा बनते-बनते टल गई। सेक्टर-122 पर्थला गोलचक्कर के पास पत्नी के साथ टहल रहे रिटायर्ड वैज्ञानिक डॉ. आरएस शर्मा अचानक खुले नाले में गिर गए। स्थानीय लोगों की सूझबूझ और तत्परता से उनकी जान बच गई, लेकिन इस घटना ने नोएडा प्राधिकरण की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

News Diary Today, Noida।

Noida News : दिल्ली-एनसीआर के हाईटेक शहर नोएडा में प्रशासनिक लापरवाही के कारण खुले नाले एक बार फिर आम जनता के लिए जी का जंजाल बन रहे हैं। ताजा मामला नोएडा के सेक्टर 122 पर्थला गोलचक्कर के पास से सामने आया है, जहाँ अपनी पत्नी के साथ पैदल जा रहे एक बुजुर्ग रिटायर्ड वैज्ञानिक, डॉक्टर आरएस शर्मा, अचानक एक गहरे और खुले नाले में गिर गए। गनीमत यह रही कि दुर्घटना के वक्त आसपास लोग मौजूद थे, जिन्होंने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सकुशल बाहर निकाल लिया। बता दें कि प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डॉ. आरएस शर्मा अपनी पत्नी के साथ पर्थला गोलचक्कर के पास से पैदल गुजर रहे थे। सड़क किनारे बना मुख्य नाला पूरी तरह से खुला हुआ था। वहाँ न तो नोएडा प्राधिकरण द्वारा कोई बैरिकेडिंग की गई थी और न ही राहगीरों को सचेत करने के लिए कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था। पैदल चलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने या नाला दिखाई न देने के कारण बुजुर्ग वैज्ञानिक सीधे गहरे नाले में जा गिरे और वैज्ञानिक के नाले में गिरते ही उनकी पत्नी ने शोर मचाना शुरू किया, जिसे सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोग और राहगीर तुरंत मौके पर दौड़े। लोगों ने बिना वक्त गंवाए नाले में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद डॉ. शर्मा को सुरक्षित बाहर निकाला। इस हादसे में उन्हें कुछ चोटें आई हैं और वे काफी सहम गए हैं।

प्राधिकरण की लापरवाही पर उठे गंभीर सवाल?

इस घटना के बाद से स्थानीय निवासियों में नोएडा अथॉरिटी के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि शहर के व्यस्ततम चौराहों और सड़कों के किनारे खुले पड़े ये नाले आए दिन हादसों को दावत दे रहे हैं। इससे पहले भी नोएडा के विभिन्न सेक्टरों में खुले नालों और गड्ढों के कारण कई बड़े हादसे और मौतें हो चुकी हैं। इसके बावजूद प्रशासन ने इस खतरनाक स्पॉट पर सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम या बैरिकेडिंग नहीं की थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।