Noida Spa Raid: गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत नोएडा और ग्रेटर नोएडा के 4 स्पा सेंटरों पर बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए 28 महिलाओं को रेस्क्यू किया और 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पुलिस अब मानव तस्करी और देह व्यापार के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने महिला सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता दोहराते हुए शनिवार को एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के कड़े निर्देशन और पुलिस उपायुक्त (महिला सुरक्षा) सुनीति के कुशल पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन रक्षा’ के तहत आज जनपद के स्पा सेंटरों पर भारी पुलिस बल के साथ छापेमारी की गई। बता दें कि मुखबिर से मिली सटीक सूचना और संदिग्ध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर एएचटी थाना और थाना बीटा-2 पुलिस ने एक संयुक्त टीम का गठन किया। इस टीम ने नोएडा और ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में संचालित 04 स्पा सेंटरों पर एक साथ अचानक दबिश दी। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से स्पा सेंटरों के भीतर हड़कंप मच गया।जांच के दौरान चारों स्पा सेंटरों में भारी अनियमितताएं, संदिग्ध दस्तावेज और आपत्तिजनक गतिविधियां पाई गईं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए एक सामाजिक संस्था (NGO) के सहयोग से वहां मौजूद कुल 28 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू की गई सभी महिलाओं को चिकित्सीय परीक्षण (Medical Examination) और उचित काउंसलिंग के लिए भेजा गया है। फिलहाल उन्हें एक सुरक्षित स्थान पर रखा गया है ताकि वे किसी भी मानसिक दबाव से बाहर आ सकें।
15 संदिग्ध हिरासत में, देह व्यापार और मानव तस्करी के एंगल से जांच शुरू?
इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्पा सेंटरों के संचालकों, प्रबंधकों और संदिग्ध स्टाफ सहित 15 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस कस्टडी में इन सभी से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस मुख्य बिंदु की जांच कर रही है कि क्या इन सेंटरों की आड़ में कोई अंतरराज्यीय मानव तस्करी (Human Trafficking) या देह व्यापार (Prostitution) का संगठित रैकेट तो नहीं चलाया जा रहा था। मौके से बरामद डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल फोन और सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों ने बताया कि मामले में बरामद साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर संबंधित गंभीर धाराओं में आवश्यक कानूनी (विधिक) कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि “ऑपरेशन रक्षा” अभियान भविष्य में भी इसी तरह लगातार जारी रहेगा। जनपद के सभी स्पा, मसाज पार्लर और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की नियमित चेकिंग की जाएगी और महिलाओं की सुरक्षा व सम्मान से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।