नोएडा पुलिस की मुस्तैदी: कैब में छूटे 7 लाख से भरे बैग को चंद घंटों में ढूंढकर मालिक को सौंपा, पीड़ित की आंखों में आए खुशी के आंसू

नोएडा पुलिस की ईमानदारी और फुर्ती ने एक परिवार की बड़ी चिंता दूर कर दी। इलाज के लिए लाए गए 7 लाख से भरा बैग कैब में छूट गया, लेकिन सेक्टर-39 पुलिस ने कुछ ही घंटों में उसे खोजकर सुरक्षित मालिक को सौंप दिया।

News Diary Today | Noida News

नोएडा न्यूज़ | उत्तर प्रदेश के नोएडा में थाना सेक्टर-39 पुलिस की ईमानदारी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक बेहद सराहनीय मामला सामने आया है। पुलिस ने अपनी तत्परता से एक मजबूर लाचार व्यक्ति की जिंदगी भर की कमाई को डूबने से बचा लिया। बता दें कि मामला सोमवार (27 जुलाई) का है। एक व्यक्ति बेहद परेशान और बदहवास हालत में थाना सेक्टर-39 पहुंचा। उसने रोते हुए पुलिस को बताया कि वह अपने इलाज के सिलसिले में सेक्टर-39 स्थित सरकारी अस्पताल आया था। अस्पताल पहुंचने के लिए उसने एक कैब (वाहन संख्या: UP84BT4778) बुक की थी। हड़बड़ाहट और बीमारी के तनाव में अस्पताल के बाहर कैब से उतरते समय वह अपना बैग गाड़ी की डिग्गी या सीट पर ही भूल गया। उस बैग में इलाज के लिए रखे पूरे 7,00,000 (सात लाख रुपए) थे। पीड़ित की आपबीती और चेहरे पर अपनों के इलाज की चिंता देखकर थाना सेक्टर-39 पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया। समय की नजाकत को समझते हुए पुलिस टीम बिना एक पल गंवाए तुरंत एक्शन में आ गई।पुलिस टीम ने तत्काल अस्पताल और उसके आस-पास के रूट पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से चेक करना शुरू किया।कड़ी मशक्कत और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने उस कैब के रूट को ट्रैक किया।पुलिस टीम ने अथक प्रयास करते हुए आखिरकार उक्त कैब चालक का पता लगाया और उससे तुरंत संपर्क किया।

बैग पाकर छलके खुशी के आंसू, पुलिस का जताया आभार!

पुलिस के संपर्क करने पर कैब चालक को भी बैग के बारे में पता चला। पुलिस ने बिना कोई समय गंवाए कैब चालक के पास से 7 लाख रुपयों से भरा वह बैग पूरी तरह सकुशल बरामद कर लिया।जब थाने में पीड़ित को उसका रुपयों से भरा बैग वापस सौंपा गया, तो वह अपने आंसू नहीं रोक पाया। 7 लाख रुपये सुरक्षित वापस पाकर पीड़ित और उसके परिजनों ने नोएडा पुलिस की ईमानदारी और कार्यशैली की जमकर तारीफ की। पीड़ित ने भारी मन से पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “अगर आज नोएडा पुलिस इतनी तत्परता न दिखाती, तो मेरा इलाज रुक जाता। पुलिस मेरे लिए भगवान बनकर आई है।”नोएडा पुलिस की इस त्वरित और मानवीय कार्रवाई की हर तरफ सराहना हो रही है।

Authors

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]

  • Yogesh Rana