नोएडा में अवैध निर्माण के खिलाफ प्राधिकरण का बड़ा एक्शन सामने आया है। सेक्टर-104 हाजीपुर में अधिग्रहित जमीन पर बने पांच मंजिला अवैध कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को 7 जेसीबी और बुलडोजर की मदद से कार्यवाही की । कोर्ट से स्टे हटते ही प्राधिकरण ने यह कार्रवाई की।
News Diary Today | Noida News
नोएडा न्यूज़ | नोएडा प्राधिकरण ने कानूनी अड़चन हटते ही शुक्रवार को भू-माफिया के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।सेक्टर-104 स्थित हाजीपुर के खसरा नंबर-412 में नोएडा अथॉरिटी की अधिग्रहित जमीन पर बने एक अवैध निर्माणाधीन मॉल/कमर्शियल कॉम्प्लेक्स को दोस्त करने की कार्यवाही हुई । इस भारी-भरकम बेसमेंट समेत बने स्ट्रक्चर को गिराने के लिए 7 जेसीबी और बुलडोजर का इस्तेमाल किया गया। बता दें कि यह कार्रवाई इसलिए भी बेहद सनसनीखेज है क्योंकि इस विवादित इमारत को गिराने पहुंची अथॉरिटी की टीम पर बीते दिनों जानलेवा हमला तक हो चुका था और यह मामला साधारण अतिक्रमण का नहीं, बल्कि हाई-वोल्टेज ड्रामे और कानूनी दांवपेच का था।6 जुलाई 2024 को जब नोएडा प्राधिकरण की टीम इस अवैध निर्माण को ढहाने पहुंची थी, तब वहां मौजूद लोगों ने टीम पर हमला कर दिया था। दो लोगों ने खुद पर और प्राधिकरण के इंजीनियरों (दीपक कुमार व रोहित सिंह) पर डीजल छिड़ककर आत्मदाह और हत्या की कोशिश की थी, जिसके बाद कार्रवाई टल गई थी।निश्याम बिल्डकान और हिमश्री हिमालय बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड ने प्राधिकरण की अधिग्रहित जमीन पर साल 2023 में अवैध कमर्शियल निर्माण शुरू किया था। जब प्राधिकरण ने रोकने की कोशिश की, तो बिल्डर पक्ष कोर्ट चला गया और 12 अप्रैल 2023 को ‘एकपक्षीय स्थगनादेश’ (Stay Order) ले आया।करीब तीन साल तक चले इस कानूनी विवाद के बाद आखिरकार गौतमबुद्धनगर की अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन की अदालत ने बिल्डर के पक्ष में जारी स्टे ऑर्डर को खारिज कर दिया। कानूनी अड़चन दूर होते ही प्राधिकरण ने तुरंत एक्शन प्लान तैयार किया।
मौके की पूरी रिपोर्ट : 100 करोड़ से ज्यादा की 7,950 वर्गमीटर जमीन मुक्त
शुक्रवार सुबह जैसे ही हरी झंडी मिली, नोएडा अथॉरिटी का दस्ता भारी पुलिस बल के साथ सेक्टर-104 हाजीपुर पहुंच गया। इस बड़ी कार्रवाई का नेतृत्व भूलेख विभाग की ओएसडी हर्षिता तिवारी, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, महाप्रबंधक सिविल अशोक कुमार अरोड़ा और वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार ने किया।ध्वस्तीकरण के दौरान एक बार फिर कुछ अराजक तत्वों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी और प्रशासनिक अधिकारियों की सूझबूझ के आगे उनकी एक न चली और उन्हें मौके से खदेड़ दिया गया।नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने साफ कर दिया है कि सरकारी और अधिग्रहित जमीनों पर भू-माफियाओं का कोई भी अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।