नोएडा पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सरगना विकास समेत तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
News Diary Today। Noida News
नोएडा न्यूज़। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-126 पुलिस को वाहन चोरों के खिलाफ अभियान में एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दिल्ली-एनसीआर में आतंक मचाने वाले एक अंतर्राज्यीय दो पहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 23 जुलाई 2026 को गढ़ी शाहपुर कट (सेक्टर-131, नोएडा) के पास से गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि पकड़े गए बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने सेक्टर-131 स्थित यमुना डूब क्षेत्र की घनी झाड़ियों में छिपाकर रखे गए 09 मोटरसाइकिल और 01 स्कूटी बरामद की। इसके साथ ही गिरोह के सरगना विकास के पास से 01 अवैध तमंचा (.315 बोर) और 01 जिंदा कारतूस भी मिला है। पूछताछ में आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं कि आरोपी पहले मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और सोसाइटियों के बाहर खड़े वाहनों की रेकी करते थे।मौका मिलते ही ये शातिर चंद मिनटों में लॉक तोड़कर वाहन उड़ा ले जाते थे।चोरी के बाद ये वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर को घिसकर मिटा देते थे ताकि पुलिस इन्हें ट्रैक न कर सके।पहचान छुपाने के बाद इन वाहनों को भोले-भाले लोगों को बेहद कम दामों में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था।गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी पुराने और शातिर किस्म के अपराधी हैं, जिन पर पहले से ही लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं।विकास कुमार (पुत्र संजय कुमार)गिरोह का सरगना, जो अपने पास हमेशा अवैध हथियार रखता था।रोहित (पुत्र सुरेश तथा कुलदीप पुत्र हरिचन्द यह दोनों सहयोगी थे ।नोएडा पुलिस अब पकड़े गए अभियुक्तों से कड़ी पूछताछ कर रही है ताकि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों, कबाड़ियों और चोरी के वाहन खरीदने वाले सफेदपोश लोगों का पता लगाकर उन्हें भी जेल की सलाखों के पीछे भेजा जा सके।
गैंग के अन्य साथियों और चोरी की गाड़ी खरीदने वालों की तलाश तेज।
नोएडा की एडिशनल डीसीपी (ADCP) मनीषा सिंह ने बताया कि “थाना सेक्टर-126 नोएडा पुलिस द्वारा एक अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से चोरी के 10 दो पहिया वाहन (9 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी) के साथ ही 1 अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। यह आरोपी मॉल, मेट्रो स्टेशन और अस्पतालों के बाहर से वाहनों की रेकी कर चोरी करते थे और पहचान छिपाने के लिए उनके इंजन व चेसिस नंबर घिस देते थे। इन सभी अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास है और इनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट व अन्य वैधानिक धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।”