ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी में जलजनित रोग का प्रकोप, प्रशासन की त्वरित कार्रवाई

Grater Noida :- ग्रेटर नोएडा की सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी (Supertech Ecovillage-2 Society) में जलजनित रोग का मामला सामने आया है। स्थानीय प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मेडिकल कैंप लगाकर निवासियों को चिकित्सा सुविधाएं प्रदान कीं।

सुपरटेक इको विलेज-2 में पहुंचे डॉक्टर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर सुनील शर्मा ने बताया कि 2 सितंबर की रात 12:30 बजे सूचना मिली कि सेक्टर 16B स्थित सुपरटेक इको विलेज-2 सोसाइटी में अचानक कई लोग उल्टी और दस्त से पीड़ित हो गए। सूचना मिलते ही चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शचीन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। प्रारंभिक रिपोर्ट में पता चला कि लगभग 200 लोगों की तबीयत खराब है, जो उल्टी, दस्त और पेट दर्द से पीड़ित थे। इनमें से 6 बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। रात में ही कुछ लोगों को दवाइयां उपलब्ध कराई गईं।

विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन

अगले दिन जिला मलेरिया अधिकारी और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसरख के चिकित्सा अधीक्षक के साथ सोसाइटी का दौरा किया गया। इस दौरान एक विशेष मेडिकल कैंप का आयोजन किया गया, जिसमें डॉक्टर नेहा सिरोही, डॉक्टर मातलूब, डॉ. भोजराज सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने 339 लोगों की जांच की। इनमें से 9 लोगों को बुखार और 330 लोगों को पेट में दर्द, उल्टी और दस्त से ग्रसित पाया गया। सभी मरीजों का उचित उपचार किया गया और आवश्यक दवाइयां तथा ओआरएस के घोल का वितरण किया गया।

सोसाइटी प्रबंधन पर 10,000 रुपये का जुर्माना

जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा पूरी सोसाइटी का गहन निरीक्षण किया गया। इस दौरान बेसमेंट और अन्य कई स्थानों पर जमा पानी में मच्छर का लार्वा पाया गया। इस लापरवाही के लिए सोसाइटी प्रबंधन पर ₹10,000 का जुर्माना लगाया गया। साथ ही, जिन टावरों में सबसे अधिक मरीज पाए गए, उन फ्लैटों से पानी के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए गए हैं। निवासियों का कहना है कि कुछ दिनों से पानी की गुणवत्ता में गिरावट आई थी, मगर सोसाइटी ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया।प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई के लिए कदम उठाए जा रहे हैं।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]