नोएडा में यातायात जागरूकता रैली को पुलिस आयुक्त ने दिखाई हरी झंडी।

:- ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा विशेष अभियान

नोएडा, उत्तर प्रदेश : नवंबर माह को यातायात माह के रूप में मनाने के आदेश के तहत शुक्रवार को नोएडा के पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली का उद्देश्य शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना था।

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त कार्यालय परिसर में यातायात पुलिस द्वारा विभिन्न स्टाल लगाए गए थे, जिनके माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। यूपी-112 का भी एक स्टाल लगाया गया, जिसमें विपत्ति के समय पुलिस को सहायता के लिए संपर्क करने के तरीकों की जानकारी दी गई। पुलिस आयुक्त कार्यालय के सभागार में दीप प्रज्ज्वलित कर यातायात माह का शुभारंभ किया गया। इस दौरान यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नुक्कड़ नाटक का आयोजन भी किया गया।

सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष देश में डेढ़ लाख से अधिक लोग गंवाते है अपनी जान : लक्ष्मी सिंह

पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने इस अवसर पर कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में हर वर्ष देश में डेढ़ लाख से अधिक लोग अपनी जान गंवाते हैं, जो एक गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि नोएडा में कई हाईवे गुजरते हैं, जहां वाहनों की गति अधिक होती है, इसलिए सभी लोगों को वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करना चाहिए। इसके अलावा, उन्होंने प्रत्येक नागरिक से यातायात नियमों का पालन करने और इसे अपनी सामाजिक जिम्मेदारी मानने का आग्रह किया।

ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा विशेष अभियान

लक्ष्मी सिंह ने यातायात माह के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों के प्रति बच्चों को जागरूक करना महत्वपूर्ण है, क्योंकि बच्चे परिवार और समाज में सुरक्षा के प्रति सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। इस अभियान में ट्रैफिक पुलिसकर्मी स्कूल और कॉलेजों में जाकर बच्चों को सुरक्षित सफर के महत्व के बारे में जागरूक करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने घोषणा की कि यातायात माह के दौरान एक्सीडेंट में किसी की जान बचाने वाले ट्रैफिक पुलिसकर्मी को विशेष इनाम दिया जायगा।

विभिन्न गतिविधियों के लोगों को किया जाएगा यातायात नियमों के प्रति जागरूक

पुलिस आयुक्त ने बताया कि यातायात माह में विभिन्न गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें पंपलेट और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम का उपयोग करके लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके साथ ही, विपरीत दिशा में वाहन चलाने वाले चालकों और वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी जैसे अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय बबलू कुमार, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरि मीना, और पुलिस उपायुक्त यातायात यमुना प्रसाद सहित अन्य पुलिस कर्मी उपस्थित थे।

Author

  • Harvir Chauhan

    Harvir Chauhan
    Editor-in-Chief & Founder, News Diary Today

    हरवीर चौहान एक वरिष्ठ पत्रकार, संपादक और मीडिया उद्यमी हैं, जिन्हें समाचार एवं डिजिटल मीडिया क्षेत्र में 10+ वर्षों का अनुभव है। वे Doordarshan Uttar Pradesh और India News जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों के साथ कार्य कर चुके हैं। वर्तमान में वे NewsDiaryToday.com और ‘न्यूज़ डायरी टुडे’ साप्ताहिक समाचार पत्र के संस्थापक एवं Editor-in-Chief हैं। वे तथ्यपरक, निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता के लिए प्रतिबद्ध हैं।

    Follow Harvir Chauhan on Social Media
    X (Twitter) : @chauhan_harvir
    Facebook page link
    https://www.facebook.com/share/1Dw1j5y1ja/
    Email: [email protected]