Up News : योगी ने दिया 1.23 लाख वर्गफुट में 30 करोड़ के निवेश से बने वेयरहाउस का तोहफा


गोरखपुर :- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सफलता हासिल करने के लिए समय व तकनीकी के अनुरूप चलना होगा। समयानुकूल तकनीकी के अनुरूप न चलने पर प्रतिस्पर्धा से बाहर हो जाने का खतरा होता है। आज का दौर समय के अनुकूल तकनीकी अपनाकर आगे बढ़ने का है।

सीएम योगी रविवार को मोतीराम अड्डा में निजी क्षेत्र के मेसर्स श्री एसोसिएट्स की तरफ से बनवाए गए वेयरहाउस का उद्घाटन करने के बाद उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उत्तर प्रदेश वेयरहाउसिंग एंड लॉजिस्टिक पॉलिसी 2022 से प्रेरित होकर 30 करोड़ रुपये के निवेश से यह वेयरहाउस 1.23 लाख वर्गफुट में बनाया गया है। इसका एमओयू फरवरी 2023 में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हस्ताक्षरित किया गया था। इससे करीब एक हजार लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है। वेयरहाउस के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले फूड कारपोरेशन ऑफ इंडिया, केंद्रीय भंडारण निगम व को ऑपरेटिव द्वारा वेयरहाउस बनाए जाते रहे हैं। पर, तकनीकी पुरानी होने से नुकसान अधिक होता था। उन्होंने कहा कि समय व तकनीकी के हिसाब से खुद को बदला नहीं गया तो पीछे छूट जाएंगे और काफिले में पीछे छूटे व्यक्ति के लिए मंजिल दूर की कौड़ी हो जाती है।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार की हर सेक्टर के लिए प्रोत्साहन वाली नीतियों से फरवरी में हुए ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में प्रदेश को 36 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव हासिल हुए।
एशियन पेंट्स ने गोरखपुर को बनाया सप्लाई चेन का केंद्र:
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वेयरहाउस को 22 लाख रुपये प्रतिमाह पर प्रतिष्ठित कंपनी एशियन पेंट्स ने किराए पर लिया है। एशियन पेंट्स इसके जरिये गोरखपुर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल तक के लिए अपने उत्पादों का सप्लाई चेन बना रही है। इससे रोजगार की संभावनाएं और तेजी से बढ़ेंगी। उद्घाटन समारोह के मंच से सीएम योगी ने यशोदा देवी सरोजनमती कन्या इंटर कॉलेज मोतीराम अड्डा की मेधावी छात्राओं को प्रशस्ति पत्र व उपहार देकर पुरस्कृत भी किया।