केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद दिल्ली में बढ़ा सियासी पारा,बीजेपी राजघाट पर तो शहीदी पार्क में आप का प्रचंड प्रदर्शन

नई दिल्ली।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सियासी तपिश चरम पर है। आम आदमी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी लगातार एक दूसरे पर हमलावर बनी हुई है। शनिवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शहीदी पार्क में एकत्रित हुए और केंद्र सरकार सहित बीजेपी के विरोध में जबरदस्त प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी तरफ़ बीजेपी की दिल्ली इकाई ने राजघाट पहुंचकर
भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया।
दिल्ली के शहीदी पार्क में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के शहादत दिवस पर शहीदी पार्क में आप नेता धरना प्रदर्शन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया। वहीं दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय, सौरभ भारद्वाज, आतिशी और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने शहीद पार्क में पुष्पांजलि अर्पित की।
वहीं दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा आज पार्टी नेताओं के साथ राजघाट पहुंचे. वहां वीरेंद्र सचदेवा और अन्य पार्टी नेताओं ने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके साथ ही भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया।
आप का दफ्तर सील, पुलिस ने नकारा:
इस प्रचंड प्रदर्शन के बीच आप नेताओं और दिल्ली पुलिस के बीच कई बार झड़प भी हुईं। के लोगों को हिरासत में भी लिया गया। इसी बीच आप के दफ्तर को सील करने की बात सामने आई, जिसके बाद आप नेताओं का गुस्सा और बढ़ गया। हालांकि पुलिस ने दफ्तर सील करने वाली बात को नकारा है और कहा है कि वहां धारा 144 लागू है इसलिए बिना जांच के किसी को जाने की अनुमति नहीं है।