दिल्ली में प्रदूषण घटा, बदली सरकारी कर्मचारियों की ऑफिस टाइमिंग

:- एलजी विनय कुमार सक्सेना ने लिया फैसला, दिल्ली सरकार और एमसीडी अधिकारियों के ड्यूटी समय में हुआ बदलाव

नई दिल्ली :- दिल्ली में लंबे समय के बाद प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके बाद उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली सरकार और नगर निगम (एमसीडी) के कर्मचारियों की ड्यूटी टाइमिंग में बदलाव का फैसला लिया है। अब राजधानी के सरकारी दफ्तरों के कामकाज का समय पहले से कुछ पहले शुरू और थोड़ा जल्दी खत्म होगा।

दिल्ली सरकार के अधिकारियों की नई टाइमिंग:

दिल्ली सरकार में कार्यरत अधिकारी अब सुबह 9:30 बजे दफ्तर पहुंचेंगे और शाम 6:00 बजे तक ड्यूटी पर रहेंगे। पहले ये अधिकारी सुबह 10 बजे से शाम 6:30 बजे तक काम करते थे। अब यह बदलाव लागू होने से कर्मचारियों को 30 मिनट पहले ऑफिस आना होगा, लेकिन छुट्टी भी 30 मिनट पहले ही मिलेगी।

एमसीडी कर्मचारियों की टाइमिंग में भी बदलाव:

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के अधिकारी जो पहले सुबह 8:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक ड्यूटी पर रहते थे, अब सुबह 9:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक ऑफिस में रहेंगे। यानी उन्हें भी अब आधे घंटे बाद ऑफिस आना है और आधे घंटे बाद छुट्टी मिलेगी।

विनय कुमार सक्सेना (LG) ने यह फैसला राजधानी में प्रदूषण का स्तर कम होने के चलते लिया है। पिछले कुछ महीनों में दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार देखा गया है। इसी को ध्यान में रखते हुए सामान्य ऑफिस समय बहाल किया गया है।

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में तत्कालीन मुख्यमंत्री आतिशी ने प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए सरकारीऑफिस टाइमिंग में बदलाव किया था। उस समय सड़क पर ट्रैफिक को कम करने और प्रदूषण को काबू में रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया था।तब एमसीडी कर्मचारियों का समय सुबह 8:30 से शाम 5:00, केंद्र सरकार के दफ्तरों का समय सुबह 9:00 से शाम 5:30 और दिल्ली सरकार के दफ्तरों का समय सुबह 10:00 से शाम 6:30 तक कर दिया गया था।