गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नरेट के तीनों जोन (नगर, देहात और ट्रांस हिंडन) में चलाए गए तीन घंटे के विशेष अभियान के दौरान कुल 512 लोगों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई उन शिकायतों के बाद की गई, जिनमें बताया गया था कि कुछ लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर आम नागरिकों और राहगीरों को परेशान कर रहे हैं। पुलिस ने इस अभियान को शहरी, ग्रामीण और ट्रांस हिंडन क्षेत्रों में चलाया। गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को थाने ले जाया गया, जहां उनका मेडिकल टेस्ट कराने के बाद पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत चालान किया गया।
डीसीपी सिटी राजेश कुमार के अनुसार, नगर जोन में सबसे अधिक 218 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें विजयनगर से 57, घंटाघर से 46, नंदग्राम से 42, कवि नगर से 27, मधुबन बापूधाम से 26 और सिहानी गेट से 20 लोग शामिल हैं।
देहात जोन में 144 लोग गिरफ्तार
डीसीपी रूरल सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि देहात जोन में 144 लोगों को शराब पीने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। इनमें लोनी से 31, क्रॉसिंग रिपब्लिक से 30, मुरादनगर से 24 और लोनी बॉर्डर से 21 लोग प्रमुख हैं। इसके अलावा, अंकुर विहार, मसूरी और भोजपुर से 7-7, निवाड़ी और वेव सिटी से 5-5, मोदीनगर से 4 और ट्रॉनिका सिटी से 3 लोगों को पकड़ा गया।
ट्रांस हिंडन जोन में 150 लोगों पर कार्रवाई
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि ट्रांस हिंडन क्षेत्र में भी इसी तरह की कार्रवाई की गई। यहां कुल 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें थाना इंदिरापुरम से 32, कौशांबी से 25, खोड़ा से 28, साहिबाबाद से 19, लिंक रोड से 14, शालीमार गार्डन से 16 और टीला मोड़ से 21 लोग शामिल हैं। सभी को थाने ले जाकर मेडिकल टेस्ट कराने के बाद पुलिस एक्ट की धारा 34 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और आम नागरिकों को परेशान करने वालों के खिलाफ ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और गलत व्यवहार करने से बचें, ताकि शहर में शांति और व्यवस्था बनी रहे। इस कार्रवाई से शहर के नागरिकों ने राहत की सांस ली है और पुलिस की सराहना की है।