अपने देश के बच्चों को फ्री में अच्छी शिक्षा व इलाज करवाना, मुफ्त की रेवड़ी बांटना नहीं: केजरीवाल

मुख्यमंत्री ने दिया विरोधियों को जवाब,कहा हम सिर्फ जनता को उसका हक दे रहे

 नई दिल्ली:-  दिल्ली सरकार द्वारा लोगों को फ्री में दी जा रही विभिन्न सुविधाओं को ‘‘मुफ्त की रेवड़ियां’’ बांटने का आरोप लगाने वाले विपक्षी दलों को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जवाब देते हुए खूब आड़े हाथों लिया। केजरीवाल ने कहा कि अपने देश के बच्चों को फ्री में अच्छी शिक्षा देना और लोगों का फ्री में अच्छा इलाज करवाना, मुफ्त की रेवड़ी नहीं है। हम विकसित भारत की नींव रख रहे हैं। यह काम 75 साल पहले हो जाना चाहिए था। जब आप अपने दोस्तों के हजारों करोड़ रुपए के लोन माफ कर देते हैं और अपने चंद दोस्तों के लिए विदेशी सरकारों से ठेके लेते हैं, तो यह फ्री की रेवड़ी है। पूरी दुनिया में दिल्ली इकलौता शहर है, जहां एक-एक आदमी का इलाज मुफ्त है और इतनी चीजें फ्री करने के बाद भी दिल्ली का बजट फायदे में चल रहा है। सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज देश में ईमानदार और भ्रष्टाचार, दो किस्म की राजनीति चल रही है। ईमानदार राजनीति वह है, जो आम आदमी पार्टी कर रही है। हम लोग एक-एक चीज में पैसा बचाते हैं और वो पैसा बचाकर जनता को सारी सुविधाएं दे रहे हैं। जो जनता को सुविधाएं नहीं देते हैं, लेकिन अपने मंत्री को सारी सुविधाएं देते हैं और अपने दोस्तों को करोड़ों रुपए के ठेके देते हैं, वो भ्रष्टाचार की राजनीति है। आज इस देश की जनता को तय करना है कि आपको ईमानदारी की राजनीति चाहिए या भ्रष्टाचार की राजनीति चाहिए।

75 वर्षों में पहली बार हुआ ऐसा:

 केजरीवाल ने कहा कि आजादी के बाद से 75 साल में पहली बार सरकारी स्कूलों में 99 फीसद से ज्यादा नतीजे आए हैं। मैं अगर अपनी बड़ाई खुद करूं, तो कहा जाएगा कि केजरीवाल अपनी बड़ाई खुद कर रहा है, लेकिन सरकारी स्कूलों के नतीजे 99 फीसद से ज्यादा आए हैं। सरकारी स्कूलों ने प्राइवेट स्कूलों को भी पीछे छोड़ दिया है। पिछले कुछ सालों में दिल्ली के चार लाख बच्चों ने प्राइवेट स्कूलों से नाम कटाकर सरकारी स्कूलों में भर्ती हुए हैं। यह कोई छोटी बात नहीं है। आज गरीबों के बच्चे आईआईटी के अंदर मैकेनिकल, कंप्यूटर इंजीनियरिंग की पढ़ाई पढ़ रहे हैं और नीट की परीक्षा पास करके डॉक्टरी की पढाई कर रहे हैं। 

मोहल्ला क्लीनिक की दुनिया भर में चर्चा:

 केजरीवाल ने कहा कि आज हमने दिल्ली के सरकारी अस्पताल शानदार कर दिए। दिल्ली में शानदार मोहल्ला क्लीनिक बना दिए, जिनकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है। पूरी दुनिया के अंदर दिल्ली एक वह चुनिंदा शहर है, जहां पर दिल्ली के एक-एक आदमी का इलाज मुफ्त है। दिल्ली में दो करोड़ से अधिक लोग रहते हैं। चाहे वो गरीब हो या अमीर हो। हम यह नहीं पूछते हैं कि वो कौन सी जात या धर्म का है। वो अमीर है या गरीब है, छोटा है या बड़ा है। दिल्ली में रहने वाले हर एक आदमी का सरकारी अस्पतालों में इलाज मुफ्त है। अगर उसके ऑपरेशन का 30, 40 या 50 लाख रुपए का खर्चा आएगा, तो उसकी सारी दवाइयां, सारे टेस्ट और सारे डायग्नोस्टिक, सब कुछ मुक्त है। सारे मोहल्ला क्लीनिक के अंदर एक-एक आदमी का इलाज मुक्त होता है। क्या मैं यह फ्री की रेवड़ियां बांट रहा हूं? दिल्ली में अगर किसी का एक्सीडेंट हो जाए, तो हमने कहा है कि उसको सबसे करीब के अस्पताल में लेकर जाइए। चाहे कितना भी महंगा अस्पताल क्यों ना हो, यह नहीं सोचना है। उस आदमी को इलाज करने का सारा खर्चा दिल्ली सरकार देती है। उसे हम फरिश्ते स्कीम कहते हैं। 

फ्री बिजली पर दिया करारा जवाब:

केजरीवाल ने कहा कि आज दिल्ली के एक-एक परिवार को हम 200 यूनिट फ्री बिजली दे रहे हैं और पंजाब में हमने 300 यूनिट फ्री बिजली देनी चालू की है। ये कहते हैं कि केजरीवाल फ्री में बिजली क्यों दे रहा है? मैं इनसे पूछना चाहता हूं कि तुम्हारे मंत्रियों को कितनी फ्री में बिजली मिलती है? तुम्हारे मंत्रियों और तुम लोगों को 4-4, 5-5 हजार यूनिट बिजली फ्री मिलती है, तब ठीक है, लेकिन गरीब जनता को अगर मैंने 200-300 यूनिट बिजली फ्री दे दी, तो तुम लोगों को बड़ी तकलीफ होती है। आज दिल्ली के अंदर हमने फ्री में लोगों को योगा कराना चालू किया है। दिल्ली में 17 हजार लोगों को योग कराने के लिए हम लोग फ्री में टीचर भेजते हैं। हमारे 500 से ज्यादा टीहचर फ्री में जगह-जगह योग कराने जाते हैं। 

सीएजी रिपोर्ट का दिया हवाला:

केजरीवाल ने कहा कि आज हम लोग दिल्ली में महिलाओं को बसों में फ्री में सफर करने की सुविधा दे रहे हैं। इतनी चीजें फ्री करने के बाद भी दिल्ली का बजट फायदे में चल रहा है। यह मैं नहीं कर रहा हूं। अभी थोड़े दिन पहले सीएजी की रिपोर्ट आई है और सीएजी की रिपोर्ट में कहा गया है कि 2015 के बाद से जब से केजरीवाल की सरकार आई है, तब से दिल्ली का बजट नफे में चलने लगा है, उससे पहले घाटे में चल रहा था। दिल्ली का बजट भी नफे में चल रहा है और कोई नया टैक्स नहीं बढ़ाया। भ्रष्टाचार खत्म कर दिया। भ्रष्टाचार खत्म करके जो इतना सारा पैसा बचाया, उस पैसे से मैंने अपने लोगों को इतनी सहूलियतें दे दी।

भारत को देखना चाहता हूँ नम्बर वन देश:

 केजरीवाल ने कहा कि मैं भारत को नंबर वन देश बनाना चाहता हूं। मेरी जिंदगी का एक ही मकसद है और भगवान से एक ही प्रार्थना है कि जब तक मैं जिंदा हूं। मैं अपने जीते जी भारत को दुनिया का नंबर वन देश देखना चाहता हूं। आजादी के 75 साल हो गए हैं। इन 75 सालों में हमारे से पता नहीं कितने देश आगे बढ़ गए। जापान, सिंगापुर, जर्मनी ओर अब तो बताते हैं कि बांग्लादेश भी कई चीजों में हमसे आगे बढ़ गया है। हम पीछे क्यों रह गए? हम दुनिया का नंबर वन देश क्यों नहीं बने। हमारे में क्या कमी है। हमें भगवान ने सब कुछ दे रखा है, पहाड़, नदियां, तरह-तरह की जड़ी-बूटियां, फसलें, समुद्र तट सब कुछ दे रखा है। भारत के लोग इतने बुद्धिमान हैं, फिर भी हम नंबर वन क्यों नहीं बन रहे हैं। हमारा मकसद भारत को दुनिया का नंबर वन देश बनाना है। जब तक हम अपने देश की नींव नहीं रखेंगे। जब तक हमारे देश की नींव मजबूत नहीं होगी, तब तक भारत दुनिया का नंबर वन देश नहीं बन सकता। भारत के अंदर आगे बढ़ने की क्षमता है, लेकिन उसके लिए हमें एक ईमानदार राजनीति की जरूरत पड़ेगी।

Author

  • News Dairy Today Desk

    News Diary Today helps to get latest updates on things happening around, get local news from Noida, Greater Noida, Delhi and Ghaziabad.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *