दिल्ली में होंगे खेलो इंडिया पैरा खेल 

नई दिल्ली।

राजधानी दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा खेल आयोजित किए जाएंगे। इसमें 32 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 1350 से ज्यादा एथलीट सात स्पर्धाओं में हिस्सा लेंगे। 

केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए गर्व हो रहा है कि 10 से 17 दिसंबर तक पहले खेलो इंडिया पैरा खेल नई दिल्ली में विभिन्न स्थानों में आयोजित किए जाएंगे। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के तीन स्टेडियम में कुल सात स्पर्धाएं खेली जाएंगी। ये सात स्पर्धाएं पैरा एथलेटिक्स, पैरा निशानेबाजी, पैरा तीरंदाजी, पैरा फुटबॉल, पैरा बैडमिंटन, पैरा टेबल टेनिस और पैरा भारोत्तोलन हैं। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में पैरा खेलों के लिए यह टूर्नामेंट ‘गेम चेंजर’ साबित होगा।

बता दें कि यह प्रतियोगिता साइ के तीन स्टेडियम आईजी स्टेडियम, तुगलकाबाद निशानेबाजी रेंज और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में खेली जाएगी।