नोएडा पुलिस ने अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गैंग का भंडाफोड़ करते हुए 2 बदमाशों और 1 बाल अपचारी को गिरफ्तार किया है। फेज-1 थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 लाख रुपये कीमत के 67 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, मोबाइल खोलने के उपकरण और 2 नाजायज चाकू बरामद किए हैं। गैंग बाल अपचारी को ढाल बनाकर लोगों को झांसा देकर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
नोएडा में अंतरराज्यीय मोबाइल चोर गैंग का भंडाफोड़: फेज-1 पुलिस ने 2 बदमाश और 1 बाल अपचारी पकड़ा, 15 लाख के 67 मोबाइल-लैपटॉप बरामद
News Diary Today, Noida |
Noida News : थाना फेज-1 पुलिस ने मोबाइल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के 3 शातिरों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक बाल अपचारी भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से चोरी के 67 मोबाइल फोन, लैपटॉप, मोबाइल खोलने के उपकरण और 2 नाजायज चाकू बरामद किए हैं। बरामद माल की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। बता दें कि गैंग का तरीका बेहद शातिर था। बाल अपचारी भीड़भाड़ वाले इलाके या रेडलाइट पर चलती गाड़ी के सामने अचानक आकर चोट लगने का नाटक करता था। जब वाहन चालक गाड़ी से उतरकर उसे देखने जाता, तभी दूसरा आरोपी गोलू दूसरी तरफ से खिड़की खोलकर मोबाइल उड़ा लेता था। इसके अलावा ये पीजी, बंद मकानों और राहगीरों की जेब से भी मोबाइल चोरी- स्नैचिंग करते थे और आरोपी पवन उन मोबाइलों को लैपटॉप से अनलॉक करता था जो बिक नहीं पाते थे। फिर उनके पार्ट्स खोलकर बेच देता था। कुछ मोबाइल ये लोग मजबूरी का हवाला देकर सस्ते दामों पर आम लोगों को बेच देते थे। चोरी के पैसों से ये ऐश करते थे।पूछताछ में खुलासा हुआ कि गैंग ने नोएडा, दिल्ली-एनसीआर में सैकड़ों वारदात की हैं। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर डीसीपी साद मियां खान और एडीसीपी मनीषा सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फेज-1 प्रभारी अमित कुमार मान की टीम ने 5 जून को तड़के 3:10 बजे सेक्टर-14 के गंदे नाले की पटरी से तीनों को दबोच लिया और इनके पास से 2 नाजायज चाकू भी मिले, जो ये पुलिस से बचने के लिए रखते थे। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पवन उम्र 40,गोलू,20 वर्ष तथा एक बाल अपचारी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से श 1 एचपी लैपटॉप, 11 सैमसंग,10 रेडमी,10 वीवो,9 एप्पल आईफोन, 4 रियलमी, 4 एमआई,4 मोटोरोला समेत कुल 67 मोबाइल फोन बरामद किए। साथ ही 6 टूटे फोल्डर, मिनी ग्राइंडर, 14 पेचकस, वायर कटर, प्लास और मोबाइल खोलने के अन्य उपकरण मिले। वहीं एसीपी अनिल कुमार पाण्डेय ने बताया कि गैंग के अन्य सदस्यों और चोरी के मोबाइल खरीदने वालों की तलाश की जा रही है।
स्ट्रीट क्राइम पर जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई जारी: एडीसीपी नोएडा
एडीसीपी नोएडा मनीषा सिंह ने बताया कि “कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर स्ट्रीट क्राइम पर जीरो टॉलरेंस की नीति से काम कर रहे हैं। यह गैंग नोएडा-दिल्ली एनसीआर में सैकड़ों वारदात कर चुका था। बाल अपचारी को ढाल बनाकर लोगों को गुमराह करना इनका मुख्य तरीका था। 67 मोबाइल और लैपटॉप बरामद हुए हैं, जिसकी कीमत करीब 15 लाख है। गैंग के बाकी सदस्यों और चोरी का माल खरीदने वालों की तलाश जारी है। जनता से अपील है कि सस्ते मोबाइल के लालच में न पड़ें और संदिग्ध गतिविधि तुरंत पुलिस को बताएं।”