नोएडा के गांव सलारपुर की तस्वीर अब बदलने वाली है। नोएडा प्राधिकरण ने करीब 9 करोड़ की लागत से सड़क निर्माण, आधुनिक जलनिकासी व्यवस्था, डबल स्टोरी सामुदायिक केंद्र और सुरक्षा दीवार जैसी महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया है। सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह ने सलारपुर को ‘मॉडल गांव’ बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि इन कार्यों से ग्रामीणों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर मिलेगा।
Noida News : नोएडा के गांव सलारपुर के निवासियों के लिए सोमवार का दिन बेहद खास रहा। नोएडा प्राधिकरण की ओर से गांव के समग्र विकास और बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने के लिए करीब ₹9 करोड़ की तीन महत्वाकांक्षी परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम में क्षेत्र के लोकप्रिय सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा के विधायक पंकज सिंह मुख्य रूप से मौजूद रहे और संयुक्त रूप से शिलापट्ट का अनावरण किया। बता दें कि इन विकास कार्यों का मुख्य उद्देश्य गांव की आंतरिक कनेक्टिविटी को सुधारना, जलभराव (वॉटर लॉगिंग) की पुरानी समस्या को खत्म करना और ग्रामीणों की सामाजिक व सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करना है।
इन प्रमुख विकास परियोजनाओं पर खर्च होंगे पैसे!
पहली परियोजना के तहत गांव के भीतर 20 से अधिक आंतरिक सड़कों का निर्माण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके साथ ही आधुनिक जलनिकासी व्यवस्था के लिए मजबूत नालियां, लोहे के जाल और कलवर्ट (पुलिया) बनाए जाएंगे। इससे स्थानीय निवासियों को बारिश के दिनों में होने वाले जलभराव से हमेशा के लिए राहत मिलेगी और ग्रामीणों की सामाजिक आवश्यकताओं को देखते हुए एक भव्य और आधुनिक डबल स्टोरी सामुदायिक केंद्र (Community Center) का निर्माण किया जाएगा। इस केंद्र का उपयोग गांव के लोग सामूहिक बैठकों, सांस्कृतिक आयोजनों, शादियों और अन्य सामाजिक गतिविधियों के लिए कर सकेंगे और गांव के पिछले हिस्से में बहने वाले बड़े नाले के किनारे आरसीसी (RCC) सुरक्षा दीवार खड़ी की जाएगी। यह दीवार नाले के पानी से होने वाले मिट्टी के कटाव को रोकेगी और नाले की तरफ से गांव की सुरक्षा को पूरी तरह से चाक-चौबंद करेगी।
सलारपुर को बनाएंगे मॉडल गांव: पंकज सिंह
इस शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि सलारपुर गांव को हर जरूरी आधुनिक सुविधाओं से लैस कर एक ‘मॉडल गांव’ के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि इन विकास कार्यों के पूरा होने से ग्रामीणों के जीवन स्तर (Standard of Living) में बड़ा सुधार आएगा और उन्हें बुनियादी नागरिक सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।वहीं, गौतम बुध नगर सांसद डा.महेश शर्मा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए नोएडा प्राधिकरण के इस संकल्प को दोहराया कि इन परियोजनाओं को समय सीमा के भीतर पूरा कर जनता को समर्पित किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के तमाम गणमान्य लोग, स्थानीय निवासी और प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।